- Hindi News
- आज माउंट आबू कल सिरोही आएंगे आरएसएस के सरसंघ चालक भागवत
आज माउंट आबू कल सिरोही आएंगे आरएसएस के सरसंघ चालक भागवत
ञ्च राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघ चालक मोहन भागवत मंगलवार को पहुंचेंगे माउंट आबू, कल आएंगे सिरोही, शहर में होगा विविध धारा
पथ संचलन
भास्कर न्यूज - सिरोही
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघ चालक मोहन भागवत मंगलवार सवेरे माउंटआबू आएंगे। वे यहां रात्रि विश्राम के बाद बुधवार को सिरोही में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। जिसके लिए पूरे जिले में पिछले कई दिनों से तैयारियां की जा रही है। सिरोही में जनसभा से पूर्व विविध धारा पथ संचलन निकाला जाएगा। जिसमें सिरोही जिले के स्वयंसेवक शामिल होंगे। शहर की लगभग सभी कॉलोनियों और मुख्य चौराहों से यह पथ संचलन गुजरेगा।
सरसंघ चालक की मौजूदगी में जिले में पहली बार हो रहे इस आयोजन में संघ के अनुशासन और समयबद्धता की झलक देखने को मिलेगी। जिसके लिए स्वयंसेवक पिछले कई दिनों से तैयारियों में जुटे हुए हैं। संघ की ओर से पहले से ही बताया गया है कि शहर के किस स्थान पर संचलन कितने बजे पहुंचेगा। इन सभी स्थानों से गुजरती हुई संचलन की तीन धाराएं दोपहर ठीक एक बजकर 21 मिनिट पर सरजावाव दरवाजे पर मिलेंगी और यहां से फिर आगे बढ़ेंगी। तय समय पर संगम के लिए स्वयंसेवक रोजाना एक-एक मिनिट से कदम मिलाकर तैयारियां कर रहे हैं। भागवत इससे पूर्व भी सिरोही आ चुके हैं, लेकिन उस समय वे सर कार्यवाह थे।
यह होगा कार्यक्रम : दोपहर में शहर के चार स्थानों से पथ संचलन शुरु होगा। जो शहर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ अरविंद पैवलियन पहुंचेगा। इनमें से तीन धाराएं सरजावाव दरवाजे पर एक होंगी। अरविंद पैवलियन में दोपहर सवा तीन बजे जनसभा होगी। जिसे सरसंघचालक मोहन भागवत संबोधित करेंगे। विभाग प्रचार प्रमुख अशोक चतुर्वेदी ने बताया कि भागवत से पहले दूरदर्शन पर चाणक्य की भूमिका निभा चुके टीवी कलाकार डा. चंद्र प्रकाश द्विवेदी कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रुप में संबोधित करेंगे। इस दौरान क्षेत्र संघ चालक पुरुषोत्तम परांजपे, प्रांत संघ चालक ललित शर्मा, विभाग संघ चालक कमल गोयल और जिला संघ चालक हंसराज पुरोहित भी मंच पर मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत में प्रार्थना और काव्य गीत होगा। संघ के इस कार्यक्रम के लिए प्रांत प्रचारक मुरलीधर और विभाग प्रमुख राजेश कुमार व्यवस्थाओं में लगे हैं।
व्यापार संघ महासंघ की बैठक रूपजी मंदिर परिसर में आयोजित हुई, जिसमें 29 जनवरी को राष्ट्रीय स्वयं सेवक की ओर से आयोजित कार्यक्रम को लेकर बुधवार को दोपहर 3 बजे के बाद प्रतिष्ठान बंद रखने का निर्णय लिया।
आबूरोड में निकाला पथ संचलन : आबूरोड - राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से शहर में पथ संचलन निकाला गया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पाली विभाग संपर्क व विभाग कार्यकारिणी सदस्य अशोक चतुर्वेदी ने बताया कि पथ संचलन दरबार स्कूल से शुरू हुआ। पथ संचलन के दौरान अंबाजी चौराहे पर मुस्लिम समाज के लोगों ने स्वयं सेवकों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया, जिसमें मुस्लिम समाज के कदीर कुरैशी, फरीद खां समेत समाज के लोग मौजूद थे।
विविध धारा पथ संचलन का आयोजन : पिंडवाड़ा - राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघचालक मोहनराव भागवत के 29 जनवरी को सिरोही के कार्यक्रम को लेकर सोमवार को शहर में विविध धारा पथ संचलन का आयोजन विभाग प्रचारक राजेश कुमार के आतिथ्य में हुआ। पथ संचलन नगर के गोगाजी मंदिर से शुरू हुआ वहीं समीपवर्ती झाड़ोली गांव में भी पथ संचलन का आयोजन खंड कार्यवाह दिनेश पुरोहित की अध्यक्षता में
किया गया।