- Hindi News
- सरकार डॉक्टर लगाए तो आज शुरू हो जाए ट्रोमा सेंटर
सरकार डॉक्टर लगाए तो आज शुरू हो जाए ट्रोमा सेंटर
भास्कर न्यूज - सिरोही
जिला अस्पताल में बने ट्रोमा सेंटर को शुरू करने की कवायद की जा रही है। गुरुवार को दिल्ली से केंद्र सरकार के हेल्थ एंड फेमिली वेलफेयर के सीनियर चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉ.एमएल बंसल टीम के साथ सिरोही जिला अस्पताल पहुंचे तथा ट्रोमा सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने जिला अस्पताल के अधिकारियों व डॉक्टरों से ट्रोमा सेंटर के बारे में जानकारी ली तथा इसे जल्दी ही शुरू करने की सहमति जताई। टीम सदस्यों ने ट्रोमा सेंटर में रखे उपकरणों की भी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान सामने आया कि ट्रोमा सेंटर में अधिकांश उपकरण पहुंच चुके हैं, कमी केवल डॉक्टरों की है, जो राज्य सरकार की ओर से ही पूरी की जा सकती हैं। ऐसे में अगर सरकार ट्रोमा सेंटर के लिए पर्याप्त डॉक्टर्स लगा दें, तो इसे कभी भी शुरू किया जा सकता है। इस संबंध में दिल्ली टीम ने स्थानीय अधिकारियों को ट्रोमा सेंटर शुरू नहीं होने के कारण एवं समाधान के लिए मांग पत्र बनाकर भेजने को कहा है, जिस पर स्थानीय अस्पताल प्रशासन की ओर से मेल भेजा गया है। निरीक्षण के दौरान पीएमओ ऑफिस के डॉ. आनंदीलाल सांवरिया, डॉ. अशोक वैष्णव भी मौजूद थे।
जिला अस्पताल में करीब चार साल पहले करीब एक करोड़ की लागत से बने ट्रोमा सेंटर की सेवाएं शुरू नहीं होने से हादसों में घायलों को तुरंत इलाज नहीं मिल रहा है। ऐसे में कई घायल अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ देते हैं, जबकि कुछ घायल रैफर होने की स्थिति में बीच राह दम तोड़ देते हैं। यदि जिला अस्पताल में ट्रोमा सेंटर शुरू हो तो घायलों की जिंदगी बचाई जा सकती है। चार फेज में पूरा होने वाले ट्रोमा सेंटर के दो फेज भवन व उपकरण का कार्य पूरा हो चुका हैं। तीसरे फेज में स्टाफ की लिस्ट भी आ चुकी है, लेकिन नियुक्ति नहीं देने से इसकी सेवा शुरू नहीं हो सकी है। उपकरण व भवन मिलने के बावजूद स्टाफ नहीं मिलने से ट्रामा सेंटर की सुविधा का फायदा जिलेवासियों को नहीं मिल रहा है।