पुण्यतिथि पर महात्मा गांधी को किया याद
भास्कर न्यूज - सिरोही
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्य तिथि पर जिलेभर में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया तथा उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। शहर में सरकारी अस्पताल के सामने से गंाधी की पुण्य तिथि एवं कुष्ठ रोग दिवस पर रैली का आयोजन किया गया, जिसमें स्कूली बच्चों ने भाग लिया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुशील कुमार परमार ने बताया कि कलेक्टर रघुवीरसिंह मीना और जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्वरुपसिंह पंवार ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में शहर के विभिन्न स्कूलों के छात्र छात्राओं ने तख्ती एवं बैनर से आमजन को जागरुता का संदेश दिया। इस मौके जिला प्रजनन एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार शर्मा, गणपतसिंह देवड़ा, स्काउट गाइड सीओ महेश कालावत, डॉ. अशोक विश्नोई, डंूगाराम भौवाल, धनीराम लक्ष्मणराम समेत अस्पताल विभाग के कर्मचारी और अधिकारी मौजूद थे। इसी क्रम में भारत स्काउट एवं गाइड की ओर से महात्मा गांधी की पुण्य तिथि को शहीद दिवस के रुप में मनाया गया।
आबूरोड - महात्मा गांधी की पुण्य तिथि पर गुरुवार कांग्रेस कार्यालय में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें नगर कांग्रेस कमेटी आबूरोड और अग्रिम संगठनों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस मौके पूर्व पालिका अध्यक्ष संतोष राठौड़, जिला प्रवक्ता ललित सांखला और नगर अध्यक्ष अध्यक्ष अमित जोशी ने कहा कि नई पीढ़ी भी उन आदर्शों को अपनाए, जिनके लिए गांधी पहचाने गए।
माउंट आबू - महात्मा गांधी की पुण्य तिथि नक्की झील पर स्थित गांधी वाटिका में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस मौके एसडीएम जितेंद्र कुमार सोनी ने कहा कि महापुरुषों से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ३१ मार्च तक गांधी वाटिका में महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थापित की जाए।
मंडार - कस्बे में महात्मा गांधी की पुण्य तिथि के उपलक्ष्य में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गुरुवार को बैठक आयोजित हुई। इस मौके ब्लॉक उपाध्यक्ष महेश अग्रवाल की अध्यक्षता में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी गई। अग्रवाल ने बताया कि गांधी ने अहिंसा के बल पर देश को आजाद कराने में अहम भूमिका निभाई। उनके त्याग और बलिदान को कभी नहीं भूल सकते। कार्यक्रम में ब्लॉक महामंत्री मफतलाल बुनकर, जोईताराम जीनगर, ब्लॉक प्रवक्ता हर्षुल अग्रवाल, नगर अध्यक्ष शैरसिंह सोढ़ा, सेवादल के रमेश जोशी, शकूर खां भाटी, मुकेश कुमार मेघवाल, अणदाराम, शकूर पामेरा, पृथ्वी सिंह, विक्रम कुमार और वगताराम चौधरी समेत कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
डोडुआ - क्षेत्र के वराल, सरतरा, अणगौर, डोडूआ, सिलोइया, मामावली, रामपुरा, खांबल समेत अन्य गांवों के स्कूलों में गुरुवार को शहीद दिवस मनाया गया। इस मौके अध्यापक एवं छात्रों ने दो मिनट मौन रखकर देश के लिए शहीद हुए जवानों एवं महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। राजकीय माध्यमिक स्कूल डोडुआ के प्रधानाध्यापक रतनलाल सुथार ने महात्मा गांधी की जीवनी पर प्रकाश डाला।