बंधक बनाकर पीटा, बाल काटे
भास्कर न्यूज - चित्तौडग़ढ़
चंदेरिया थाना क्षेत्र के गांव ओडूंद से एक युवक को षड्यंत्रपूर्वक खेत पर ले जाकर उससे मारपीट करने व सिर के बाल काटने का मामला सामने आया है। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है।
गंगरार थाना क्षेत्र के दल्ला खेड़ा निवासी नारायणलाल पुत्र गोपीलाल अहीर ने बताया कि वह करीब दो महीने पहले प्रेम प्रसंग के चलते गांव की स्वजातीय एक युवती को लेकर गांव से भगा ले गया था। बाद में लड़की को उसके परिजन वापस ले गए और ओडूंद के समीप रामा खेड़ा गांव में नाता विवाह कर दिया। लड़की को भगाने के बाद से वह डर के मारे ओडूंद में अपनी बहन के घर रहने लगा। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे वह ओडूंद बस स्टैंड पर वह शेविंग करवा रहा था। इस दौरान उसका परिचित रामाखेड़ा निवासी राधेश्याम रैगर आया अपने साथ बाइक पर सांवलियाजी के दर्शन करने की बात कहकर ले गया। रास्ते में लाखां का खेड़ा जीएसएस के पास रामाखेड़ा निवासी मांगीलाल अहीर को भी साथ लेकर वे सांवलियाजी चले गए। शाम को वापस लौटते समय रामाखेड़ा निवासी नानूराम, मांगीलाल व छोगालाल
अहीर उसे खेत पर रोजड़े भगाने की बात कहते हुए ले गए।
खेत पर नानूराम, छोगालाल समेत दल्लाखेड़ा के अन्य लोगों ने उससे सोने का मांदलिया, कान के लौंग, मोबाइल व पर्स आदि छीन लिए। उसके कपड़े उतारकर शरीर पर शराब उंडेली मारपीट करते रहे। आरोपियों ने उसके सिर के बाल भी काट दिए। इसके बाद देर रात ये लोग कार में चंदेरिया थाने में छोड़ गए।
नारायणलाल ने आरोप लगाया कि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इधर, गुरुवार सुबह घटना का पता चलने पर ओडूंद बस स्टैंड पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए और रोष जताते हुए कार्रवाई की मांग की। दोपहर में पीडि़त युवक समेत ओडूंद गांव के लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे और एसपी के नाम पर डीएसपी बृजेश सोनी को ज्ञापन दिया।
> चित्तौडग़ढ़. मारपीट का शिकार नारायणलाल।