शिशु को रैफर कर दिया पर वाहन नहीं मिला
चित्तौडग़ढ़. राजकीय महिला एवं बाल अस्पताल में एक बीमार शिशु को गंभीर हालत के कारण डॉक्टरों ने उदयपुर रैफर कर दिया, मगर इसके डेढ़ घंटे बाद भी वाहन सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाने से परिजन भड़क गए। कारण, उसकी तबीयत और बिगडऩे का खतरा था।
कपासन निवासी रतन माली की बहन नर्बदा को सिजेरियन से लड़का हुआ। सांस में तकलीफ के कारण शिशु को एफबीएनसी में भर्ती किया था। गुरुवार शाम सात बजे तबीयत ज्यादा बिगडऩे पर उसे उदयपुर रैफर किया गया। इसके बाद परिजनों ने जननी शिशु योजना के तहत वाहन सुविधा मांगी। रतन माली ने बताया कि शिशु को उदयपुर ले जाने के लिए करीब डेढ़ घंटे तक भी गाड़ी उपलब्ध नहीं कराई गई। उल्लेखनीय है कि जननी शिशु सुरक्षा योजना के तहत राजकीय अस्पताल में भर्ती होने वाली प्रसूता तथा नवजात शिशु के लिए निशुल्क वाहन उपलब्ध कराने का नियम है।