अमानत में खयानत का मामला दर्ज
राशमी. गोपालपुरा की एक महिला ने अपने देवर के खिलाफ तीन साल पहले सोने के जेवरात उधार मांगकर ले जाने के बावजूद नहीं लौटाने पर मामला दर्ज कराया है। कोर्ट से इस्तगासे के जरिये गोपालपुरा निवासी बदामबाई पत्नी गोपीलाल जाट ने रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके अनुसार सरगांव निवासी रामेश्वरलाल पुत्र रतनलाल जाट रिश्ते में बदामबाई का देवर लगता है। रामेश्वरलाल ने करीब तीन साल पहले बदामबाई के पीहर गोपालपुरा में आकर मां के रिश्तेदारी में जाने के लिए गहनों की आवश्यकता बताई और सोने की साढ़े तीन तोला वजनी रामनामी, चार मांदलिए, सवा तोला की सोने की बाली, एक किलो चांदी का कंदौरा, आधा तोले का सोने का मांदलिया, सोने की नथ लेकर गया। तीन साल बाद भी रामेश्वरलाल ने ये गहने नहीं लौटाए।
चुनाव के लिए भाजपा की मीटिंग तय
चित्तौडग़ढ़. लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा के सभी मंडलों की बैठकें इसी माह में होंगी। जिसमें बूथ संरचना ठीक करने के साथ बूथों की टीम मीटिंग तय की जाएगी। जिलाध्यक्ष सीपी जोशी ने बताया कि इन बैठकों में सुराज रथ यात्रा के कार्यक्रम भी तय किए जाएंगे। घर-घर चलो अभियान व निधि संग्रह की योजना बनाई जाएगी।