कोहरे का असर जारी, छह ट्रेनें हुई लेट
चित्तौडग़ढ़. जनवरी का आखिरी सप्ताह आ गया, पर सर्दी के तेवर जस के तस बने हुए है। इस बार रात के तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आ रही है, मगर कोहरे के साथ ठंडी हवा जनजीवन पर असर डाले हुए है। शनिवार को भी सुबह देर तक कोहरा छाया रहा। स्कूल-कॉलेज जाने वाले बच्चों से लेकर जल्दी काम पर जाने वाले लोगों को परेशानी हुई।कोहरे के कारण ही आज भी छह ट्रेनें देरी से पहुंचीं। इनमें खजुराहो एक्सप्रेस एक घंटा, मेवाड़ एक्सप्रेस डेढ़ घंटा, चेतक एक्सप्रेस दो घंटा, बांद्रा-अजमेर, उदयपुर चार घंटा, उदयपुर-जयपुर इंटरसिटी आधा घंटा तथा मेरठ-मंदसौर लिंक एक्सप्रेस एक घंटा देरी से यहां पहुंची। सुबह के समय चेतक व मेवाड़ के देरी से पहुंचने के कारण डेमू ट्रेन से कनेक्टिविटी नहीं मिली। इस कारण नीमच, मंदसौर, रतलाम की ओर जाने वाले यात्रियों को सड़क मार्ग से गंतव्य को जाना पड़ा। इसके अलावा अन्य ट्रेनों के लेट होने से भी यात्री परेशान रहे।