- Hindi News
- हादसे रोकने ग्रिड पर लगेंगे रोस्टर स्विच
हादसे रोकने ग्रिड पर लगेंगे रोस्टर स्विच
भास्कर न्यूज. चित्तौडग़ढ़
अजमेर विद्युत निगम अब ग्रामीण क्षेत्र के ग्रिड स्टेशनों पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए रोस्टर स्विच लगाने जा रहा है। इससे ग्रिड पर तकनीकी कर्मचारियों को लाइन में फेज परिवर्तित करने के लिए ऊपर नहीं चढऩा पड़ेगा।
एविविएनएल अब सरकार की 60 दिवसीय कार्य योजना को पूरा करने की तैयारियों में जुटा है। इसमें कुछ बिन्दुओं पर निगम सबसे ज्यादा फोकस करते हुए तय कार्य को समयानुसार करने में जुट गया है। निगम ने ग्रामीण क्षेत्र के फीडरों पर रोस्टर स्विच लगाने का कार्य शुरू कर दिया है। यह स्विच के लगने के बाद तकनीकी कर्मचारी स्विच से ही ग्रामीण क्षेत्र में फीडर से संबंधित क्षेत्र में सिंगल और थ्री फेज बिजली आपूर्ति शुरू कर सकेगा। जबकि अभी तक तकनीकी कर्मचारी को खंभे या फीडर पर पहुंचकर सीधे 11 केवी लाइन से समयानुसार थ्री फेज काटना या जोडऩा पड़ता था, जिससे कई बार दुर्घटनाएं हो जाती थीं। अब रोस्टर स्विच लगने से इस तरह की दुर्घटनाएं नहीं होंगी। पहले चरण में 210 रोस्टर स्विच लगाए जाएंगे।
निगम अब प्रत्येक जीएसएस पर पहुंचने वाली बिजली के आंकड़े को भी एकत्रित कर रहा है। इसके लिए प्रत्येक जीएसएस पर सीटीपीटी सिस्टम स्थापित किया जा रहा है। इस सिस्टम से यह पता चल सकेगा कि जिस ग्रिड से संबंधित जीएसएस को जितनी बिजली भेजी गई, उस जीएसएस को कितनी बिजली मिली और वापस कितनी आपूर्ति की गई। इस तरह के 150 से अधिक सिस्टम स्थापित किए जा रहे हैं।