स्कूल से सामग्री चोरी
चित्तौडग़ढ़. गांधीनगर कच्ची बस्ती स्थित राजकीय प्राथमिक स्कूल से शनिवार रात चोरों ने हजारों रुपए की सामग्री चुरा ली। चोरों ने तिरंगे झंडे को भी नहीं छोड़ा। राप्रावि कच्ची बस्ती के प्रधानाध्यापक कालूराम खटीक ने बताया कि रविवार सुबह गणतंत्र दिवस मनाने स्टाफ स्कूल पहुंचा तो चोरी का पता चला। चोरों ने स्कूल का ताला तोड़कर जेट पंप मोटर, पोषाहार सामग्री, स्टील का घड़ा, दो बाल्टी, कुछ उपस्थिति रजिस्टर व अन्य रिकार्ड, एक तौल मशीन, रिकार्ड संधारण रजिस्टर आदि सामग्री चोरी कर ली। आशंका है कि चोर कोई बड़ा वाहन लेकर आए थे। चोरों ने स्कूल की सामग्री के साथ ही हैंडपंप खुदाई के दौरान रखे गए लोहे के 20 पाइप भी चुरा लिए। प्रधानाध्यापक खटीक ने इस संबंध में कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मौका-मुआयना किया। बताया गया कि चोर लोहे के बक्से में रखा तिरंगा झंडा भी चुरा ले गए। इस पर प्रधानाध्यापक ने झंडारोहण के मद्देनजर परिचित निजी स्कूल से तिरंगा झंडा मंगवाया।
- - -