पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • मारपीट में छात्र गंभीर घायल

मारपीट में छात्र गंभीर घायल

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - चित्तौडग़ढ़
सेंती क्षेत्र में रविवार को पॉलीटैक्निक कालेज के कुछ छात्रों ने एक साथी छात्र को फार्म हाउस पर ले जाकर उसके साथ बुरी तरह मारपीट गंभीर घायल कर दिया।मारपीट के बाद घायल छात्र को सुनसान जगह छोडऩे जा रहे आरोपियों का पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी भाग गए, जिनमें से पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
सदर थाना सीआई सुरेंद्रसिंह राणावत ने बताया कि टोंक के दूनी थानांतर्गत निवारिया निवासी युवराज पुत्र जगदीश गुर्जर बोजुंदा स्थित पॉलीटैक्निक कालेज में द्वितीय वर्ष का छात्र है। रविवार दोपहर करीब एक बजे युवराज गणतंत्र दिवस का कार्यक्रम देखकर लौट रहा था। सेंती में शनि महाराज मंदिर के पास उसके साथी छात्र सेंती निवासी उदयलाल पुत्र नारायण गुर्जर, अक्षय सिंगला व भरत सिंघानिया मिले। तीनों उसे बाइक पर बिठाकर सेंती स्थित एक फार्म हाउस पर ले गए। वहां ले जाकर इन छात्रों ने युवराज की बैल्ट, डंडों से बुरी तरह मारपीट की। इस बीच दीपक बैरागी व ब्यावर निवासी विनोद मेघवाल भी वहां आए और इन्होंने भी मारपीट की। इन छात्रों ने शराब पीने के साथ ही युवराज पर भी शराब उंडेली। मारपीट के बाद आरोपी छात्र युवराज को उदयपुर मार्ग की ओर छोडऩे जा रहे थे।सेंती चौकी के बाहर एएसआई फतहलाल तिवारी व जाब्ते को खड़ा देखकर घायल युवराज चिल्लाया। यह देख एएसआई फतहलाल व जाब्ते ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर आरोपी छात्र युवराज को छोड़कर भाग गए। पुलिस ने गंभीर घायल युवराज को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया। पुलिस ने जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर आरोपी अक्षय सिंगला, दीपक बैरागी व विनोद मेघवाल को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी उदयलाल गुर्जर फरार चल रहा है।