पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • जमीन में मिली मूर्ति को मंदिर में रखवाया

जमीन में मिली मूर्ति को मंदिर में रखवाया

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - चित्तौडग़ढ़
शहर के शास्त्रीनगर में सोमवार शाम मिली प्राचीन जैन मूर्ति को मंगलवार सुबह पुलिस की मौजूदगी में बाहर निकाला गया। इसके बाद मूर्ति के दर्शन व पूजा करने के लिए लोगों का तांता लग गया। मौके पर ही पूजा-अर्चना की बात को लेकर मामूली बहस के बाद शाम को मूर्ति दिगंबर जैन मंदिर में रखवा दी गई।
मार्बल उद्यमी द्वारकाप्रसाद रांधड़ के मकान के पास खाली जगह में जमीन की सतह पर दबी मिली मूर्ति को देखने के लिए अलसुबह ही लोग पहुंचने लगे। करीब आठ बजे बाद मजदूरों ने वापस खुदाई शुरू की। एक घंटे के बाद मूर्ति को बाहर निकाल दिया गया, जो मिट्टी से सनी हुई थी।
प्रतिमा को पानी से धोकर साफ किया गया। सफेद रंग के वर्गाकार पत्थर की ऊंचाई व चौड़ाई करीब सवा एक फीट की है, जिसके चारों ओर जैन तीर्थंकर की प्रतिमाएं बनी हुई हैं। पूर्व विधायक घनश्याम जैन, वरिष्ठ एडवोकेट मदनलाल जैन, महेंद्र टोंग्या, सुधीर जैन, राजेंद्र अग्रवाल, सुनील लढ्ढा, पंकज मोदी समेत जैन समाज के कई लोग वहां पहुंचे। इंस्पेक्टर प्रवीण सुंडा भी मय जाब्ता पहुंचे। कुछ देर बाद समाज के लोगों ने छोटा तंबू लगाकर मूर्ति की पूजा-अर्चना शुरू कर दी। प्राचीन जैन मूर्ति मिलने की सूचना पर दुर्ग स्थित फतहप्रकाश महल के क्यूरेटर सोहनलाल चौधरी भी पहुंचे और मूर्ति की जांच की।
इस बीच मूर्ति निकालने के बाद भरा गया गढ्ढा दोपहर में वापस खोदकर तथा मौके पर अस्थाई छाया की व्यवस्था कर पूजा-अर्चना की बात पर डीएसपी बृजेश सोनी भी मौके पर पहुंचे। डीएसपी द्वारा तंबू आदि हटाने की बात कहने पर जैन समाज के लोगों तथा उनमें बहस हो गई। इसके बाद मूर्ति को पार्क के पास स्थित दिगंबर जैन मंदिर में रखवाकर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। गौरतलब है कि सोमवार शाम कुछ मजदूरों के मिट्टी खोदते समय मूर्ति दबी मिली थी। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। रात करीब 12 बजे तक उस जगह पर लोग डटे रहे।
आठवें तीर्थंकर की प्रतिमा: बताया गया कि पत्थर पर खोदी गई प्रतिमाएं जैन धर्म के आठवें तीर्थंकर भगवान चंद्रप्रभु की हैं।



> चित्तौडग़ढ़. शास्त्री नगर में खाली भूमि में खुदाई से निकली जैन तीर्थंकर की मूर्ति व मौके पर उपस्थित लोग।