किसानों को पांच रुपए में मिलेगा भोजन
भास्कर न्यूज - निम्बाहेड़ा
कृषि उपज मंडी में उपज बेचने के लिए आने वाले किसानों सहित मंडी में कार्यरत हम्मालों व पल्लेदारों को किसान कलेवा योजना के तहत पांच रुपए में भोजन उपलब्ध होगा।
राज्य में नई सरकार ने विशिष्ट श्रेणी की मंडियों में आने वाले किसानों के लिए किसान कलेवा योजना लागू करने की घोषणा की थी। विधायक श्रीचंद कृपलानी के अनुसार कृषि विपणन मंत्री प्रभुलाल सैनी के निर्देश पर जिले की सबसे बड़ी निंबाहेड़ा मंडी में भी यह योजना लागू होगी। इसकी शीघ्र क्रियान्वित एवं निविदा प्रक्रिया के लिए अधिकारियों को कहा गया है।
उन्होंने बताया कि मंडी में किसान कृषि जिंस विक्रय के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली व अन्य साधनों से लेकर आते है। उन्हें मंडी में आने के बाद विभिन्न प्रक्रिया में काफी समय लगता है और यार्ड में रुककर भोजन भी करना पड़ता है। इस कारण सरकार ने मंडी प्रांगण में आने वाले किसानों सहित हम्मालों व पल्लेदारों के भोजन के लिए किसान कलेवा योजना लागू की। कृपलानी ने इसके लिए सीएम राजे व कृषि विपणन मंत्री सैनी का आभार व्यक्त किया।