- Hindi News
- मंडावरी में रहने वालों को नहीं मिलता लोन
मंडावरी में रहने वालों को नहीं मिलता लोन
भास्कर न्यूज - बेगूं
क्षेत्र की ग्राम पंचायत मंडावरी के लोगों को लोन देने से बैंक हिचकते हैं। कारण, इस पंचायत के अधिकांश ऋण धारी डिफाल्टर है। इसके अलावा कई चयनित लोगों को समय पर पेंशन भी नहीं मिल रही।
इस बात का खुलासा सोमवार को मंडावरी पंचायत में एसडीएम अमान्नुला खान की रात्रि चौपाल में हुआ। चौपाल के दौरान बैंकों से लोन नहीं मिलने की बात पर पंचायत सचिव इकबाल मोहम्मद ने यह जानकारी दी। इस पर एसडीएम ने कहा की पूर्व के डिफाल्टर लोग बैंक से समझौता कर ऋण राशि अदा करें, ताकि आगे से बैंक लोन दे सकें। चौपाल में आवास योजना की जानकारी दी गई। स्वीकृति के बावजूद पेंशनधारियों को समय पर पेंशन नहीं मिलने के प्रकरण सामने आए। इस पर सचिव व पटवारी की कमेटी बनाकर उसे सात दिन में इसकी जांच करने को कहा गया। खाद्य सुरक्षा योजना में गेहूं की आपूर्ति नहीं होने पर एसडीएम ने कहा कि इस योजना में आगे से गेहूं की आपूर्ति कम हो रही है। इस कारण समस्या आ रही है। बीडीओ विजय महावर ने कहा की जिन पंचायतों में आधार कार्ड नहीं बने है, वहां कैंप लगाकर आधार कार्ड बनाए जाएंगे। चौपाल में सरपंच पुष्पा देवी, तहसीलदार सहित अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे। अध्यक्षता प्रधान राजकुमार नायक ने की।
वार्षिक उत्सव के लिए तैयारी मीटिंग
भास्कर न्यूज - बेगूं
शहीद रूपाजी करपाजी महाविद्यालय में छात्रसंघ अध्यक्ष शोभालाल धाकड़ की अध्यक्षता में मीटिंग आयोजित की गई। जिसमें वार्षिक उत्सव की रूपरेखा बनाई गई। महासचिव देवराज सिंह चुंडावत ने बताया की 30 एवं 31 जनवरी को खेलकूद तथा एक फरवरी को सांस्कृतिक कार्यक्रम कराने का निर्णय लिया।
> बेगूं. मंडावरी में चौपाल के दौरान समस्याएं सुनते हुए एसडीएम खान व अन्य।