इंदौर ट्रेन 10 से कपासन में भी रुकेगी
कपासन. नगर के स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव की बहुप्रतिक्षित मांग पर रेलवे बोर्ड ने इंदौर-उदयपुर एक्सप्रेस ट्रेन का 10 फरवरी से छह माह के लिए अस्थाई तौर पर ठहराव देने के आदेश जारी कर दिए। इससे क्षेत्रवासियों सहित कांग्रेसजनों में हर्ष व्याप्त है। नपाध्यक्ष प्रमोद मोदी ने बताया कि इंदौर-उदयपुर ट्रेन के ठहराव की मांग को लेकर सांसद केंद्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास को ज्ञापन दिए गए थे। डा.व्यास की अनुशंसा पर रेलवे बोर्ड के रवि मोहन शर्मा ने ठहराव का पत्र जारी किया। इस ट्रेन का ठहराव शुरू होते ही चित्तौड़ से शाम चार बजे भी कपासन की ट्रेन मिल सकेगी। वर्तमान में चित्तौडग़ढ़ से सुबह मेवाड़ एक्सप्रेस, दिन में पैसेंजर तथा शाम को इंटरसिटी ट्रेन ही हैं। इस घोषणा पर पूर्व विधायक शंकरलाल बैरवा, ओमप्रकाश व्यास, उपाध्यक्ष रंगलाल सोनी, अब्दुल कलाम, भैरूलाल चौधरी, दिनेश चाष्टा, उपाध्यक्ष शंकरलाल प्रजापत, पार्षद मदनलाल कुमावत, हरलाल जटिया, गुलाबचंद रैगर, कन्यादेवी सोनी, शाबिर हुसैन, मदनलाल आचार्य, ख्यालीलाल बारेगामा सहित संगठनों ने हर्ष जताया।