दुर्घटना का मामला हत्या में बदला
भास्कर न्यूज - भदेसर
थाना क्षेत्र के ब्यावर गांव के पास करीब ढाई महीने पहले बाइक के पास युवक के गंभीर घायल मिलने के मामले में पुलिस ने मृतक के पिता की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार गंगरार थाना क्षेत्र के गांव कुंवालिया निवासी मदनलाल रावल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके बेटे महेंद्र रावल की गत दिनों अज्ञात व्यक्तियों ने हत्या कर दी। बताया गया कि मृतक के पिता द्वारा एसपी को पेश की गई रिपोर्ट में जमीन विवाद के चलते हत्या होने का आरोप लगाते हुए किसी व्यक्ति के खिलाफ आशंका भी जताई गई। गौरतलब है कि गत 16 नवंबर की रात को गंगरार निवासी महेंद्रकुमार ((26)) पुत्र मदनलाल रावल ब्यावर-लडेर गांव के पास गंभीर घायल हालत में पड़ा मिला था। उसकी बाइक भी पास ही पड़ी थी। अस्पताल ले जाते समय महेंद्रकुमार रावल ने दम तोड़ दिया था। घटना के समय महेंद्र रावल बाइक पर ससुराल अमरपुरा से आ रहा था।