अपहरण के प्रयास के आरोपियों को भेजा जेल
निम्बाहेड़ा. नगर के बस स्टैंड से सोमवार जीप में दंपति व बालिका को जबरन ले जाने के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने तीन जनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। कोतवाली पुलिस ने अपहरण के प्रयास के आरोप में रतनलाल बावरी, भूरूलाल उर्फ विक्रम एवं गंगाराम भील को गिरफ्तार किया था। गौरतलब है कि सोमवार शाम कासोद दरवाजा क्षेत्र निवासी भैरुलाल जाट व उनकी पत्नी समेत एक बालिका पूजा बावरी को जीप में सवार लोगों ने अपहरण का प्रयास किया था। इस दौरान अपहर्ताओं की जीप सेमलिया के आगे डलां उर्फ किशनपुरा के पास पलट गई एवं लोगों द्वारा आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस बीच बालिका पूजा की माता चंदा भी लौट आई। उसने बेटी को छोड़कर जाने का कारण पति व पत्नी में आपसी मनमुटाव बताते हुए कहा कि वह अलग से रहने के लिए निम्बाहेड़ा आ गई थी। यह भी जानकारी में आया कि चंदा का पता पूछने के लिये ही जीप में सवार लोगों ने दंपति का अपहरण के साथ ही मारपीट भी की। दूसरी ओर, कोतवाली थाना पुलिस द्वारा दो वर्ष से फरार चल रहे लूट के आरोपी भगतसिंह उर्फ भगतिया उर्फ दिनेश पुत्र पदमसिंह बावरी निवासी धामनियां रोड छोटीसादड़ी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।