वार्ड की गैलेरी में पड़ा रहा शव
भास्कर न्यूज - चित्तौडग़ढ़
श्री सांवलियाजी राजकीय सामान्य अस्पताल में बुधवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। करीब दो घंटे तक उसका शव वार्ड की गैलेरी में ही पड़ा रहा। आउटडोर खुलने के बाद शव को मोर्चरी में शिफ्ट किया गया।
अस्पताल के फिमेल मेडिकल वार्ड में भर्ती कुछ मरीजों व उनके परिजनों के अनुसार एक लावारिस व्यक्ति मंगलवार रात से ही वार्ड के बरामदे ((गैलेरी)) में बैठा था। बुधवार को अल सुबह उस व्यक्ति को खून की उल्टियां हुई और आधे बैठे हालत में ही अचेत हो गया। सुबह सात बजे इसकी सूचना ड्यूटीरत नर्सिंगकर्मियों को दी। इसके बाद इमरजेंसी में नियुक्त डाक्टर ने आकर उसे चेक किया तो वह मृत पाया गया। सुबह सात से करीब नौ बजे तक शव बरामदे में ही पड़ा रहा और खून की उल्टियां फर्श पर फैली हुई थीं। तब तक न तो कोई शव को उठाकर मोर्चरी में ले जाना वाला था और न किसी सफाई कर्मचारी ने उल्टी की गंदगी साफ करना ही उचित समझा। वार्ड में जाने का रास्ता होने के कारण भर्ती मरीजों के परिजन परेशान रहे। उन्होंने इस लचर व्यवस्था पर रोष जाहिर किया। पीएमओ डॉ. मधुप बक्षी ने बताया कि वार्ड में कोई लावारिस व्यक्ति भर्ती नहीं था। बरामदे में अज्ञात व्यक्ति के दम तोड़ देने पर उसका शव मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस को भी सूचना दे दी।