सामग्री मद पर अधिक खर्च तो होगी वसूली
भास्कर न्यूज - बेगूं
राज्य सरकार की योजनाओं को मार्च तक संपादित करें। किसी भी कार्य में लापरवाही नहीं बरतें। मनरेगा में श्रम से अधिक सामग्री मद पर खर्च करने वाली पंचायतों से वसूली की कार्रवाई की जाएगी। यह बात जिला परिषद सीईओ जगबीरसिंह ने पंस सभागार में सरपंच, सचिव, सहायक सचिवों की दो दिवसीय कार्यशाला के पहले दिन सदन को संबोधित करते हुए कहीं। कई पंचायतों द्वारा मनरेगा में निर्धारित राशि से अधिक को मटेरियल में खर्च करने पर नाराजगी जताते हुए सीईओ ने कहा की 60 प्रतिशत राशि श्रमिकों पर खर्च करें, अन्यथा उन पंचायतो से राशि वसूल की जाएगी। सचिवों को निर्देश दिए गए कि स्वीकृत शौचालयों का निर्माण अभियान चला कर पूरा कराएं। अगर किसी पंचायत में फंड नहीं है तो वे योजनाओं के लिए प्रस्ताव भेजे, ताकि राशि आवंटित की जा सके। कार्यशाला में मनरेगा कार्याे की हर पखवाड़े में समीक्षा करने, समय पर भुगतान करने सहित राज्य सरकार की नीतियों को लागू करने पर चर्चा की गई। इधर, जगवीर सिंह का जिला स्तर पर सम्मानित होने पर प्रधान राजकुमार नायक, बीडीओ विजय महावर सहित सरपंच, सचिवों ने बधाई दी।
> भादसोड़ा. लेसवा पंचायत मुख्यालय पर चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए कलेक्टर रवि जैन।