विधानसभा में उठा पिंड बांध का मुद्दा
भास्कर न्यूज - निकुंभ
बड़ीसादड़ी उपखंड क्षेत्र की बहुप्रतिक्षित पिंड बांध परियोजना का मसला बुधवार को राज्य विधानसभा में उठ गया। विधायक गौतम दक ने परियोजना में प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा, अवाप्त भूमि के बदले अन्य जगह भूमि उपलब्ध कराने तथा बांध का निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग सरकार से की।
विधायक ने सदन में प्रश्नकाल के माध्यम से यह सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में पांच साल से अधिक समय से अधूरी पड़ी पिंड बांध परियोजना का निर्माण और किसानों को पूरी मुआवजा राशि आवश्यक है। जिन किसानों की भूमि अवाप्त की गई, उनको दी जा रही मुआवजा राशि बहुत कम है। भूमि अधिग्रहण के नए कानून का हवाला देते हुए दक ने कहा कि किसानों की पर्याप्त मुआवजा दिया जाए, ताकि उनके जीवन यापन में परेशानी नहीं आएं। इसके अलावा यदि प्रभावित किसानों को अन्य जगह भूमि भी उपलब्ध कराई जाए, तो फायदा होगा। विधायक ने किसानों समेत क्षेत्रवासियों के लिए योजना को जल्द पूरा करने की मांग की। विधायक ने भास्कर को बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री ने भी जल्द प्रगति का आश्वासन दिया है।
उल्लेखनीय है कि दैनिक भास्कर ने 23 दिसंबर 2013 के अंक में पिंड बांध परियोजना के संबंध में विस्तार से समाचार प्रकाशित कर नई सरकार, विधायक व प्रशासन का ध्यान आकृष्ट किया था। विधायक ने दैनिक भास्कर की प्रति भी विधानसभा में प्रश्न के साथ लगाई।
2३ दिसंबर को प्रकाशित खबर