चोरों के पथराव से एक सिपाही घायल
भास्कर न्यूज - पारसोली
कस्बे के सदर बाजार स्थित एक घर में मंगलवार देर रात चोरी को अंजाम दे रहे चोरों को पकडऩे पहुंची पुलिस पर चोरों ने पथराव कर दिया। इससे एक पुलिसकर्मी चोटिल हो गया। नाकाबंदी व तलाशी के दौरान चोरों को लाने-ले जाने वाले टैंपो चालक को पुलिस ने गिरफ्तार लिया। अन्य चोरों की तलाश जारी है।
थानाधिकारी गोवर्धनसिंह भाटी ने बताया कि रात्रि गश्त के दौरान दो पुलिसकर्मियों को सदर बाजार स्थित दिनेश स्वर्णकार के मकान में कुछ आहट सुनाई दी व दरवाजे का ताला टूटा हुआ नजर आया। घर में चोरों के होने की आशंका पर दोनों पुलिसकर्मी नजदीक गए, जहां दो संदिग्ध लोगों को पकडऩे लगे। इस बीच आसपास छिपे कुछ अन्य चोरों ने उन पर पत्थर बरसाना शुरू कर दिया। पत्थर लगने से कांस्टेबल सुनीलकुमार के ललाट पर चोट लग गई। उसे पारसोली अस्पताल ले जाया गया, जिसके सिर में तीन टांके आए।
दूसरी ओर, मौका मिलते ही चोर भागने में कामयाब हो गए।गश्त कर रहे जाब्ते की सूचना पर थाने का जाब्ता भी नाकाबंदी करने के साथ ही चोरों की तलाश में जुट गया। छानबीन करने के दौरान पारसोली रेलवे स्टेशन के नजदीक फोरलेन के पास एक टैंपो खड़ा हुआ दिखाई दिया, जिसके अंदर बिजयपुर निवासी विष्णुसिंह उर्फ मिठू पुत्र प्रहलादसिंह हजूरी सोया हुआ था। उससे कड़ी पूछताछ करने पर पता चला कि चोर इसी टैंपो में चोरी करने आए थे व चोरी कर वापस इसी में जाने वाले हैं। इधर, ग्रामीणों की जाग होने व पुलिस की तलाशी तेज हो जाने के बावजूद चोर फरार हो गए। पुलिस ने विष्णुसिंह को गिरफ्तार कर व अपराध में काम लेने की वजह से टैंपो को भी जब्त कर लिया। विष्णु ने भागने वाले चोरों का नाम दूधीतलाई निवासी महेंद्र कंजर व प्रहलादिया कंजर बताया। इस पर पुलिस ने भागे चोरों को भी पकडऩे की कवायद शुरू कर दी है। दिनेश स्वर्णकार ने बताया कि पुलिसकर्मियों के आ जाने से चोर बड़ी चोरी का अंजाम नहीं दे पाए। चोर घर से केवल दो कंबल सहित कुछ सामान लेकर फरार हो गए।
घायल पुलिसकर्मी