पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • जगमगाई बुझी हुई ज्योत

जगमगाई बुझी हुई ज्योत

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चित्तौडग़ढ़. प्रताप पार्क में स्थित शहीद स्मारक पर कई दिन से बंद अमर जवान ज्योति वापस चालू हो गई। इस ज्योत के नीचे लगा गैस सिलेंडर गायब हो जाने के कारण काफी समय से यह बंद थी। इस संबंध में गत दिनों दैनिक भास्कर के प्रमुखता से समाचार प्रकाशित करने पर नगर परिषद सभापति गीतादेवी योगी ने उसी दिन संबंधित अधिकारी को तलब कर ज्योति को तत्काल चालू करने के निर्देश दे दिए थे। हालांकि इसके बाद भी कुछ दिन तक ज्योत चल नहीं पाई। गुरुवार को शहीद दिवस है और यहां सुबह लोग देश के अमर शहीदों को श्रद्घांजलि अर्पित करेंगे। संभवतया इस बात को ध्यान में रखते हुए उद्यान विभाग ने सुध ले ली। बुधवार को अमर जवान ज्योति प्रज्वलित नजर आई। सभापति गीतादेवी योगी के तलब करने पर उद्यान अधीक्षक राजमोहन मेहता का कहना था कि इस ज्योत को जलाने के लिए लगाए गए तीन सिलेंडर अब तक चोरी चले गए। कुछ दिन पूर्व छोटा सिलेंडर लगाया, लेकिन वो भी चोरी हो गया। इस कारण अब अन्य व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है। योगी ने शहीदों की याद में बनाई गई अमर जवान ज्योति को अनवरत चलाए रखने की हिदायत देते हुए उसे तत्काल चालू करने तथा भविष्य में भी इसकी सुरक्षा के प्रबंध रखने के निर्देश दिए। उद्यान शाखा ने नया सिलेंडर लगाकर शाम को अमर जवान ज्योति चालू कर दी। दूसरी ओर इस उद्यान सहित शहर के अन्य उद्यानों पर नियमित चौकीदारी की व्यवस्था और इस पर नप का बजट खर्च होने के बावजूद बार-बार चोरी की बात भी गंभीर मानी जा रही है। शहीद दिवस पर सुबह 10.30 बजे यहां सर्वोदय साधना संघ की ओर से श्रद्धांजलि समारोह होगा।