सूर्य नमस्कार कार्यक्रम छह को
चित्तौडग़ढ़. सूर्य सप्तमी पर छह फरवरी को क्रीड़ा भारती की ओर से सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। गुरुवार को इसके तहत पोस्टर का विमोचन किया गया।
क्रीड़ा भारती चित्तौड़ प्रांत अध्यक्ष अनिरुद्धसिंह भाटी ने बताया कि जिलेभर के स्कूल संचालकों से कक्षा छह से 12 के बच्चों को विद्यालयों में सूर्य नमस्कार कराने के लिए आह्वान किया गया। जिला मुख्यालय पर इंदिरागांधी स्टेडियम में बालकों तथा गोरा बादल स्टेडियम में बालिकाओं के लिए सुबह 10.30 बजे सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम होगा। इसके लिए जिला मुख्यालय के सभी स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राओं को आमंत्रित किया गया। इच्छुक नागरिक भी इसमें शामिल हो सकते हैं।
इधर, गुरुवार सुबह जिला परिषद सीईओ जगवीरसिंह ने सूर्य नमस्कार की दस स्थितियों विधियों के पोस्टर का विमोचन किया, जो विद्यालयों में वितरित किए जा रहे हैं। इस दौरान अनिरुद्धसिंह भाटी, सचिव ओमप्रकाश सुखवाल, विहिप संगठन मंत्री सुशील शर्मा, बसंतीलाल पंचोली, हरीश शर्मा, चावंड सिंह, वीरेंद्रसिंह चौहान, जोगेंद्रसिंह मौजूद थे।