- Hindi News
- संविदाकर्मी अवकाश पर, परेशान हुईं प्रसूताएं
संविदाकर्मी अवकाश पर, परेशान हुईं प्रसूताएं
भास्कर न्यूज - पीलवा
कस्बे सहित आस-पास के करीब 20 किलोमीटर परिधि में एकमात्र प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर गुरुवार को संविदाकर्मियों के अवकाश पर रहने का खामियाजा क्षेत्र की प्रसूताओं को भुगतना पड़ा। यहां पहुंची दो महिलाओं का प्रसव करवाने से इनकार करते हुए डॉक्टर ने उन्हें फलौदी रेफर कर दिया।
दरअसल, भोजाकोर मस्जिद की ढाणी निवासी जमीला पत्नी बाजे खां को प्रसव पीड़ा के चलते परिजन पीलवा स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे। इस दौरान अस्पताल में कोई भी डॉक्टर या अन्य चिकित्साकर्मी नहीं मिला। इसके कुछ देर बाद एक और महिला को भी उसके परिजन अस्पताल लेकर आए। परिजनों की सूचना पर पीलवा सरपंच भुवनेश्वरसिंह ने इसकी सूचना फलौदी एडीएम नारायणसिंह चारण और उपखंड अधिकारी चंद्रभानसिंह भाटी को दी। बाद में चिकित्सा प्रभारी डॉ. पंकज माथुर अस्पताल पहुंचे, लेकिन उन्होंने सहायक कर्मचारी नहीं होने का हवाला देते हुए प्रसव कराने में असमर्थता जताई और दोनों महिलाओं को फलौदी रेफर कर दिया। उल्लेखनीय है कि अपनी विभिन्न मांगों को लेकर संविदाकर्मी गुरुवार को अवकाश पर चले गए थे। इसके चलते स्थानीय अस्पताल दोपहर करीब एक बजे तक ही खुला रहा। इसके बाद वहां पहुंचे मरीजों को निराश लौटना पड़ा।
इस संबंध में पूछे जाने पर पीलवा अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज माथुर ने बताया कि संविदाकर्मियों के अवकाश पर चले जाने की वजह से अस्पताल में दूसरी पारी की सेवाएं प्रभावित हुईं। सहायक कर्मचारी नहीं होने की वजह से पेसेंट को फलौदी रेफर करना पड़ा।