सोमवार से फिर शुरु होगी मंूगफली की खरीद
फलौदी. फलौदी में पिछले कुछ दिन से रुकी मूंगफली की सरकारी खरीद सोमवार से फिर शुरु होगी। स्थानीय क्रय विक्रय सहकारी समिति के जनरल मैनेजर हेमेंद्र सिंह आसिया ने बताया कि बारदाना नहीं मिलने की वजह से मूंगफली की खरीद तीन दिन से रुकी हुई थी। इस संबंध में नैफेड अधिकारियों ने जल्द ही बारदाना उपलब्ध करवाने का भरोसा दिलाया है। फिलहाल, 10 जनवरी और इसके बाद से टोकरधारकों की मूंगफली खरीद होनी है। ऐसी स्थिति में तय किया गया कि 10 से 16 जनवरी के बीच के टोकनधारकों की मूंगफली 27 से 31 जनवरी के बीच खरीदी जाएगी। इन सभी किसानों से अनुरोध किया गया है कि वे क्रमवार ही अपनी मूंगफली लेकर केंद्र पर पहुंचे। जनरल मैनेजर सिंह के अनुसार समिति द्वारा जारी टोकन संख्या 206 से आगे के टोकनधारक, जिन्हें मंूगफली बेचने की तारीख पूर्व में दी गई थी, उनमें संशोधन किया जा रहा है। इसके तहत 27 जनवरी के टोकनधारक अपनी मूंगफली 1 फरवरी को लेकर आएं। इसी तरह, 28 से 31 जनवरी के टोकन की मूंगफली क्रमश: 3 से 6 फरवरी को खरीद की जाएगी।