- Hindi News
- फलौदी में अदालती आदेश के बाद मालिक ने स्कूल भवन खाली कराया
फलौदी में अदालती आदेश के बाद मालिक ने स्कूल भवन खाली कराया
भास्कर न्यूज - फलौदी
कस्बे के सरदारपुरा इलाके में स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के भवन पर मालिक ने अदालत के निर्णय के बाद गणतंत्र दिवस के एक दिन पहले कब्जा कर लिया। इसके चलते इस स्कूल में गणतंत्र दिवस का समारोह भी आयोजित नहीं किया जा सका। सोमवार को स्कूल के बच्चे और स्टाफ सड़क पर ही बैठा नजर आया।
उल्लेखनीय है कि सरदारपुरा स्थित इस भवन में पिछले पांच दशक से भी ज्यादा समय से सरकारी स्कूल संचालित हो रहा था। बिल्डिंग के मालिक ने इसे खाली करवाने के लिए कोर्ट में केस कर रखा था। कोर्ट से निर्णय मालिक के पक्ष में हुआ और शनिवार को मालिक ने भवन के कमरों और मुख्य द्वार पर ताला लगाकर कब्जा ले लिया। स्कूल का रिकार्ड, मिड-डे मील की सामग्री भी भीतर तालों में बंद है। इसके चलते रविवार को गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन भी नहीं हो पाया। सोमवार सुबह स्कूल स्टाफ और बच्चे स्कूल पहुंचे, लेकिन गेट के आगे सड़क पर ही बैठे रहे।
स्कूल के कार्यवाहक प्रधानाध्यापक ओमप्रकाश दवे ने बताया कि इस संबंध में उच्चाधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है। मंगलवार को विद्यार्थी कहां बैठेंगे, अभी कुछ तय नहीं है। दवे ने उच्च अधिकारियों को भेजे पत्र में लिखा है कि इजराय 14/2012 न्यायालय, सिविल न्यायाधीश वख फलौदी के आदेशानुसार राउप्रा विद्यालय सरदारपुरा पर रतनचन्द पुत्र मदनचंद ने कब्जा कर लिया है। स्कूल के बच्चे और स्टाफ सड़क पर बैठे हैं। यहां कोई भी हादसा होने की स्थिति में विभाग की जिम्मेदारी मानी जाएगी।
दूसरे सरकारी स्कूल में शिफ्ट करेंगे
॥विद्यालय भवन पर भवन मालिक द्वारा अदालती निर्णयानुसार कब्जा करने की सूचना जिला शिक्षा अधिकारी को दी गई है। जल्द ही समस्या का समाधान कर लिया जाएगा। संभवत मंगलवार को विद्यालय के पास के ही सरकारी विद्यालय में शिफ्ट कर दिया जाएगा।ञ्जञ्ज
मदनलाल सुथार, बीईईओ फलौदी