- Hindi News
- सात माह बाद मिले केदारनाथ यात्रा में मृतकों के मृत्यु प्रमाण पत्र
सात माह बाद मिले केदारनाथ यात्रा में मृतकों के मृत्यु प्रमाण पत्र
भास्कर न्यूज - बिलाड़ा
केदारनाथ धाम की यात्रा पर गए श्रद्धालुओं की मौत के सात माह बाद उनके परिजनों को उतराखंड राज्य सरकार द्वारा जारी किए गए मृत्यु प्रमाण गुरूवार को उपखंड अधिकारी एचआर मेहरा ने प्रदान किए। उल्लेखनीय है कि गत १६ जून २०१३ को केदारनाथ धाम की यात्रा पर गए बिलाड़ा क्षेत्र के तीन श्रद्धालुओं की प्राकृतिक आपदा में मौत हो गई थी। इन श्रद्धालुओं के परिजनों द्वारा लगातार प्रशासन से पत्र व्यवहार व मांग करने पर सात माह मृत्यु प्रमाण पत्र उपखंड कार्यालय पहुंचे। उपखंड अधिकारी एचआर मेहरा ने बताया कि क्षेत्र के खारिया मीठापुर निवासी शंकरलाल प्रजापत, भंवरी देवी प्रजापत और उचियारड़ा निवासी कमलादेवी सुथार की मौत केदारनाथ यात्रा के दौरान हो गई थी। उनके परिजनों द्वारा लगातार मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने की मांग की जा रही थी। इस पर स्थानीय प्रशासन ने उच्च अधिकारीयों को पत्र प्रेषित कर मृत्यु प्रमाण जारी करने की मांग की थी। घटना के बाद पीडि़त परिवारों को राहत पैकेज के तहत सहायता राशि देने की घोषणा भी की थी, लेकिन यह राशि आज तक इन परिवारों को नहीं मिली है।
जल्द मिलेगी सहायता राशि
केदारनाथ यात्रा के दौरान आपदा के शिकार हुए श्रद्धालुओं को दी जाने वाली सहायता राशि के चेक तैयार हो रहे हैं। जल्द ही पीडि़त परिवारों को यह राशि सौंप दी जाएगी। अनुकंपा सरकारी नियुक्ति के मामले में भी प्रक्रिया जारी है।
ओपी बुनकर, एडीएम तृतीय जोधपुर