पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • वन्यजीव प्रेमी शैतानसिंह के शव का अंतिम संस्कार

वन्यजीव प्रेमी शैतानसिंह के शव का अंतिम संस्कार

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - फलौदी/बाप
जांबा के निकटवर्ती ननेऊ गांव में हिरणों की रक्षा करते हुए प्राण की आहुति देने वाले वन्यजीव प्रेमी शैतानसिंह भादू के शव का गुरुवार को जांभोलाव धाम क्षेत्र में विश्नोई धर्म की परंपरानुसार अंतिम संस्कार किया गया। उनके मासूम बेटे पीयूष विश्नोई ने सबसे पहले अपने पिता को अंतिम विदाई दी। इस दौरान फलौदी विधायक पब्बाराम विश्नोई सहित आसपास के इलाकों से बड़ी तादात में ग्रामीण मौजूद थे। इसके बाद जनप्रतिनिधियों ने शैतानसिंह के परिजनों को मुख्यमंत्री सहायता कोष से पांच लाख रुपए की सहायता राशि का चेक सौंपा।
उल्लेखनीय है कि ननेऊ के सालासर भादुओं की ढाणी निवासी वन्यजीव प्रेमी शैतानसिंह विश्नोई की मंगलवार देर रात शिकारियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। गुरुवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करवाया। तत्पश्चात् शैतानसिंह के शव का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान महंत भगवानदास जांबा, संत रतीराम, स्वामी बालकृष्ण, संत प्रेमदास, छगनप्रकाश, जीवनदास, सरपंच कुंभसिंह ननेऊ, किशनाराम विश्नोई, जांभोलाव धाम कमेटी अध्यक्ष हीराराम भंवाल, जगमोहन थानवी, कन्हैयालाल व्यास, ओसियां प्रधान नारायणराम डाबड़ी, मालाराम विश्नोई, भागीरथ बेनीवाल, शिवराज जाखड़, आसुलाल पुरोहित, जयप्रकाश, मुरलीधर तंवर, मांगीलाल सियाग सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।
राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन में गुरुवार को एडवोकेट सुखराम विश्नोई की अध्यक्षता में विश्नोई अभिभाषक संघ की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शैतानसिंह को श्रद्धांजलि दी। साथ ही वकीलों ने एक लाख रुपए की सहायता राशि एकत्र की। यह राशि शैतानसिंह की पत्नी को दी जाएगी।