- Hindi News
- सरपंच व ग्रामसेवक के खिलाफ एसीबी में मामला
सरपंच व ग्रामसेवक के खिलाफ एसीबी में मामला
चूरू. चूरू एसीबी में तारानगर तहसील की धीरवास बड़ा ग्राम पंचायत के सरपंच और ग्राम सेवक के खिलाफ बिना काम किए फर्जी भुगतान उठाने का मामला दर्ज किया गया। चूरू एसीबी के एएसपी सतनाम सिंह ने बताया कि दीपचंद जाट निवासी धीरवास बड़ा ने चूरू ब्यूरो में परिवाद दायर किया था। परिवाद के अनुसार ग्राम पंचायत धीरवास बड़ा के सरपंच व ग्रामसेवक ने अमरसिंह पचार के घर से बनवारी लाल भांभू के घर तक बिना खरंजा मय सुरक्षा दीवार बनाए फर्जी भुगतान उठा लिया। परिवाद के आधार पर एएसपी सतनाम सिंह ने 11 नवंबर, 2013 को मय स्टाफ के स्वतंत्र गवाहों व परिवादी की उपस्थिति में आकस्मिक जांच की, तो मौके पर कोई काम हुआ नहीं पाया गया। अगस्त, 2013 में उक्त काम के सामग्री पेटे एक लाख 93 हजार 798 रुपए का भुगतान फर्जी रूप से किए जाने सामने आया और रिकार्ड भी संधारित नहीं मिला। ग्राम पंचायत धीरवास बड़ा के सरपंच राजेंद्र सहारण व ग्रामसेवक शिवनारायण के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।