- Hindi News
- रात्रि चौपाल में कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं
रात्रि चौपाल में कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं
भास्कर न्यूज. तारानगर
कलेक्टर रोहित गुप्ता ने शुक्रवार को गांव भालेरी में रात्रि चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी व मौके पर समाधान के निर्देश अधिकारियों को दिए।
चौपाल में ग्रामीणों ने भालेरी बस स्टैंड चौराहे पर पीडब्लूडी की ओर से बनाए गए पार्क से अतिक्रमण हटाने की मांग की। कलेक्टर ने तहसीलदार को अतिक्रमण हटाने व पार्क का सौंदर्यीकरण करने के निर्देश दिए। शनिवार को तहसीलदार ने जाब्ता लेकर पार्क से अतिक्रमण हटवाया।
ग्रामीणों ने बिजली के बिलों में अधिक राशि आने, बिजली कनेक्शनों के लिए खंभों की कमी, पानी निकासी की समस्या व पीने के पानी की समस्या के बारे में अवगत करवाया। कलेक्टर ने मौके पर ही डिस्कॉम अधिकारियों को शिविर लगाकर बढ़ी बिजली की राशि का समाधान करने, खंभे लगाने, गंदे पानी की निकासी के लिए विकास अधिकारी को सोखता गड्डा बनाने व पीएमसी के एक्सईएन को नई पाइप लाइन डालने के निर्देश दिए। सरपंच हनुमान प्रजापत ने गांव की समस्याओं के बारे में जानकारी दी। संचालन नरेंद्र शर्मा ने किया।