जमीन के विवाद में फायरिंग
पिलानी . कुल्हरियों का बास में रविवार को जमीन संबंधी विवाद को लेकर हवाई फायर किए गए। इससे गांव में दहशत फैल गई। पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
सीआई कैलाशचंद्र ने बताया कि कुल्हरियों का बास में होशियार सिंह पुत्र श्योनारायण का उसके भतीजे सहीराम पुत्र जगनाराम वगैरह का जमीन का विवाद चल रहा था। इस मामले में होशियार सिंह ने रिपोर्ट दी कि रविवार को सहीराम उसकी दुकान पर आया। उसके साथ आए पीपली के मोनू व प्रदीप, अमित पुत्र हवासिंह व तीन-चार अन्य ने हवाई फायर किए। आरोपियों ने तलवार आदि हथियारों से उन्हें डराया व धमकाया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने होशियार सिंह, संदीप, राजवीर, अवतार, सहीराम व सुमित को गिरफ्तार कर लिया। फायर के आरोपियों की तलाश के लिए टीमें रवाना की गई हैं। पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ की तो फायर होने की बात कही गई। पुलिस ने वारदात स्थल से देशी कट्टे के तीन खोखे भी बरामद किए हैं।