किसी को सूचना ही नहीं, लग गया शिविर
भास्कर न्यूज - सादुलपुर
पंचायत समिति में मंगलवार को लगे ब्लॉक स्तरीय संपर्क समाधान शिविर की सूचना आम जनता सहित अधिकतर सरपंचों को नहीं थी। शिविर में लोगों की उपस्थित ना के बराबर रही। आमजन को पता ही नहीं था, कि कलेक्टर समस्या सुनने यहां पहुंचेंगे। ओडीएफ की बैठक में भाग लेने आए कई सरपंच जरूर शिविर में उपस्थित थे। शिविर की सूचना नहीं होने पर सरपंचों ने आक्रोश जताया।
शिविर में कलेक्टर रोहित गुप्ता व अन्य अधिकारियों ने कुछेक समस्याएं सुनी तथा मौके पर ही निस्तारण किया। लोगों ने कलेक्टर व एसडीएम को शिविर के बारे में सूचना नहीं होने की शिकायतें भी की। सरपंच फोरम के अध्यक्ष मानसिंह रैबारी, सरपंच बलवीर राघा छोटी, सरपंच सावित्री ढाणी मौजी, सरपंच फतेहसिंह चैनपुरा छोटा, सरपंच परमेश्वरी मूंदीताल, सरपंच बलवान नेशल आदि ने बताया कि शिविर के बारे में उन्हें कोई सूचना नहीं मिली अन्यथा ग्रामीण भी अपनी समस्याओं का समाधान करवाने के लिए शिविर में आते। करीब डेढ़ घंटे शिविर में रहने के बाद कलेक्टर ने ओडीएफ की बैठक ली। कलेक्टर ने पूरी पंचायत समिति क्षेत्र को ओडीएफ बनाने के लिए प्रयास करने का आह्वान किया। कलेक्टर ने जिला परिषद सीईओ को काम सेक्शन करने के निर्देश दिए। शिविर में सीईओ विवेक अरोड़ा, एसडीएम सुदर्शनसिंह तोमर, तहसीलदार बनवारी लाल, सीएमएचओ डॉ अजय चौधरी, एएसपी अशोक कुलश्रेष्ठ, बीसीएमओ डा. प्रतीक सागर, रेंजर रमेश कुमार, जलदाय विभाग के एक्सईएन विजय यादव आदि उपस्थित थे।
इन्होंने दिए कलेक्टर को ज्ञापन
पूर्व विधायक नंदलाल पूनिया ने कलेक्टर से एनएच 65 के लिए अवाप्त कृषि भूमि का मुआवजा नए एक्ट के तहत किसानों को देने की मांग की। सरपंच फोरम के ज्ञापन में नए राशन कार्ड वितरण करने, खाद्य सुरक्षा के तहत खाद्यान्न प्रतिमाह वितरण करने, नरेगा के तहत घरों में कुंड बनवाने तथा लघु सीमांत कृषकों के शौचालय स्वीकृत करने, कैटल शेड स्वीकृत करने आदि की मांग की गई। किसान सभा के का. रामसिंह, मंत्री बनवारीलाल बेनीवाल, भगतसिंह के नेतृत्व में ज्ञापन देकर एनएच 65 पर अवाप्त कृषि भूमि का बाजार भाव से मुआवजा देने, मौसम संयंत्र केंद्रों के आंकड़े सार्वजनिक करने, वृद्धावस्था पेंशन देने, खाद्यान्न एवं राशन कार्ड वितरण की मांग की गई। संदीप भार्गव ने इंडेन गैस डीलर द्वारा गैस की कालाबाजारी करने पर कार्रवाई करने, नेशल सरपंच बलवान जांगिड़ ने गांव के राउमावि में गत दो वर्ष से खाली व्याख्याताओं के छह पद पर नियुक्ति देने की मांग की। प्रवीणसिंह शेखावत के ज्ञापन में रामपुरा में गत 6 माह से पेंशनधारियों को पेंशन नहीं मिलने का उल्लेख कर कार्यवाही करने की मांग की गई।
॥शिविर के बारे में मुझे सोमवार को ही जानकारी मिली। शाम को मोबाइल पर सरपंचों को सूचना दी गई।
अजीतसिंह, बीडीओ