- Hindi News
- हवलदार वीरसिंह का सैनिक सम्मान से अंतिम संस्कार
हवलदार वीरसिंह का सैनिक सम्मान से अंतिम संस्कार
भास्कर न्यूज - चिड़ावा
सेना की 984 एडी वर्कशॉप में तैनात हवलदार वीरसिंह निठारवाल की मंगलवार शाम पैतृक गांव खुड़ोत में सैन्य सम्मान से अंत्येष्टि की गई। पानागढ़ ((पश्चिम बंगाल)) से पार्थिव देह लेकर आए यूनिट के सूबेदार श्रीनिवास ने बताया कि 26 जनवरी को बाइक पर बाजार जाते समय बस की चपेट में आने से वीरसिंह की मौत हो गई थी। वे एक जनवरी को ही हवलदार पद पर पदोन्नत हुए थे।
चिड़ावा तहसीलदार अभिलाषा, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल पीएस शेखावत और जिला वक्फ कमेटी के चेयरमैन कर्नल शौकत खां ने तिरंगे में लिपटी पार्थिव देह पर पुष्प चक्र अर्पित किए। उनकी अंतिम यात्रा में झांझोत, गिडानिया, अरड़ावता, सुलताना, चिड़ावा, देवरोड़ और ननिहाल ओजटू के काफी लोग शामिल हुए।
आठ को घर आने वाले थे
वीरसिंह के मामा विनोद धत्तरवाल ने बताया कि सालभर पहले भी पानागढ से छुट्टी पर वे गांव आए थे। तब चिड़ावा में बाइक फिसलने पर घायल हो गए थे। आठ फरवरी को वे फिर गांव आने वाले थे, जिसके लिए उन्होंने ट्रेन का रिजर्वेशन करा रखा था।
इकलौते थे वीरसिंह
वीरसिंह माता लाडोदेवी व पिता किशनलाल के इकलौते पुत्र थे। उनके डेढ़ वर्ष का पुत्र आर्यन है। लाडोदेवी की दो बहनें मणीदेवी और संतोष देवी भी इसी परिवार में ब्याही है, जिनके इकलौते बेटे कैलाश और विक्रम सेना में सेवारत हैं। वीरसिंह की शादी दो साल पहले किठाना की मुकेश देवी के साथ हुई थी, जो बीएड करने के बाद शिक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारी
कर रही हैं।