- Hindi News
- सब जेल की मरम्मत पूरी, शिफ्ट नहीं किए बंदी
सब जेल की मरम्मत पूरी, शिफ्ट नहीं किए बंदी
भास्कर न्यूज - रतनगढ़
स्थानीय उप कारागृह की मरम्मत का काम पूरा हो चुका है लेकिन बंदियों को अब तक यहां शिफ्ट नहीं किया गया। इसके चलते बंदियों को रतनगढ़ और सुजानगढ़ कोर्ट में पेशी पर लाने और ले जाने पर सरकार का काफी खर्चा हो रहा है। चूरू जेल प्रशासन को भी काफी परेशानियां हो रही हैं।
जानकारी के अनुसार 23 व 24 जून, 2012 को यहां से 65 बंदियों को चूरू कारागृह में शिफ्ट किया गया था। तब यहां की जेल की मरम्मत करवाई जानी थी। चूरू जेल में स्थानांतरित यहां के बंदियों में से प्रतिदिन छह से आठ कैदी रतनगढ़ व सुजानगढ़ में पेशी पर लाने पड़ते हैं। डेढ़ साल से इन्हें पेशी पर लाने ले जाने में सरकार के लाखों रुपए खर्च हो चुके हैं। दूरी को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में भी परेशानी रहती है। जेल के नियमों के अनुसार एक साधारण कैदी को कोर्ट में पेश करने के लिए तीन सिपाही साथ जाते हैं, ऐसी स्थिति में सिपाहियों का भी अतिरिक्ति समय लगता है।