- Hindi News
- ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार के प्रयास शुरू होंगे
ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार के प्रयास शुरू होंगे
भास्कर न्यूज - चिड़ावा
शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार संबंधी मुद्दे को लेकर बुधवार शाम पुलिस थाने में सीएलजी सदस्यों और ऑटो यूनियन पदाधिकारियों की बैठक हुई। एसडीएम हीरालाल मीणा की अध्यक्षता में हुई बैठक में डीएसपी रामनिवास मीणा, थानाधिकारी सुरेश परेवा, एसआई रामकुमारसिंह लेघा, एएसआई चंद्रप्रकाश शर्मा, ट्रेफिक पुलिस के राजेंद्र कुमार और नगरपालिका के एसआई बाबूलाल चंदेल ने भाग लिया। बैठक में उपस्थित सीएलजी सदस्यों और ऑटो यूनियन पदाधिकारियों ने ट्रेफिक अव्यवस्था के लिए सड़क किनारे फुटपाथ पर हो रखे अतिक्रमण को जिम्मेदार ठहराया। बैठक में तय किया गया कि पट्टी से बाहर सामान रखने वाले दुकानदारों के खिलाफ पुलिस एक्ट में कार्रवाई की जाए। इसके अलावा कबूतरखाना से मैन मार्केट तक हो रखी वन-वे ट्रेफिक व्यवस्था को प्रायोगिक तौर पर सात दिवस तक स्थगित करके दो-दो ऑटो रिक्शाओं का संचालन शुरू करवाया जाए। इस दौरान यह भी तय हुआ कि फुटपाथ एवं आम सड़क पर खड़े रहने वाले हाथ ठेलों के लिए पूर्व में तय हुई व्यवस्था वापस लागू की जाए। बैठक में पार्षद शिवलाल सैनी, सूर्यकांत शर्मा, फारूख चौहान, मुकेश जलिंद्रा, डा. बीएल वर्मा, ठेकेदार कैलाश, विकास कटेवा, अनिल रामभरोसा, कमलेश मालानी, ऑटो रिक्शा यूनियन के अध्यक्ष सुरेंद्र मीणा, रामनिवास सैनी एवं सचिव सुनिल बख्तावरपुरिया सहित अन्य लोगों ने सुझाव दिये।
इन बातों पर बनी सहमति
पुलिस थाने में हुई बैठक के दौरान स्थानीय प्रशासन, पुलिस एवं ऑटो यूनियन पदाधिकारियों के बीच चिड़ावा में राजकीय अस्पताल के पास संचालित विक्रम टैंपो स्टैंड की जगह ऑटो रिक्शा स्टैंड और पिलानी रोड एसबीआई के सामने विक्रम टैंपो स्टैंड निर्धारित करने, रात्रि के समय शहर में 10 ऑटो रिक्शा का नियमित संचालन शुरू करवाने, ऑटो चालकों व उनके वाहनों का पुलिस थाने में रजिस्ट्रेशन करवाने, सभी चालकों के पास ड्राईविंग लाईसेंस तथा ट्रेफिक नियमों की पूूर्णत: पालना सुनिश्चित करवाने पर सहमति बनी।