सरकार की मंशा ठीक होती तो सड़क बनती
खेतड़ी . विधानसभा में विधायक पूरणमल सैनी ने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर सवाल पूछे। बसपा विधायक ने पिछली कांग्रेस सरकार को कटघरे में खड़ा किया कि मंशा ठीक रहती तो अगस्त 2010 में अतिवृष्टि से कालाभुजा बांध टूटने से टूटी मेहाड़ा-बसई की साढ़े छह किमी सड़क बन जाती। तत्कालीन प्रभारी मंत्री ने अतिवृष्टि का जायजा लिया था। तब सड़क को जल्द ठीक करने का आश्वासन दिया था। सरकार ने बीओटी से सड़क मंजूर की।अवैध खनन व ओवरलोड के कारण कोई ठेकेदार तैयार नहीं हुआ। उन्होंने सड़क तत्काल बनाने की मांग की। राज्यपाल के अभिभाषण पर विधायक सैनी ने ‘टेट’ समाप्त कर शिक्षक भर्ती कराने, आठवीं कक्षा तक बच्चों को फेल नहीं करने के नियम को बदलने, खेतड़ी क्षेत्र में खारे पानी से निजात दिलाने, चुनाव से पहले क्षेत्र में शुरू किए पीएचईडी कार्यालय में एईएन लगाने, भवन बनाने, हर बेरोजगार को रोजगार की मांग उठाई।