- Hindi News
- तीन तहसीलों के युवाओं की वेटरनरी पदों में नहीं होगी भर्ती
तीन तहसीलों के युवाओं की वेटरनरी पदों में नहीं होगी भर्ती
भास्कर न्यूज - झुंझुनूं
सेना भर्ती रैली - 2014 के दौरान चूरू जिले की सरदारशहर, चूरू व राजगढ़ तहसीलों से वेटरनरी पदों के लिए युवाओं की भर्ती नहीं की जाएगी। इधर, एक ही दिन दौडऩे वाले सभी तहसीलों के युवकों के टोकनों का रंग भी एक ही होगा।
गौरतलब है कि चूरू रोड स्थित चुडैला में जेजेटी यूनिवर्सिटी के खेल मैदान पर 12 फरवरी से सेना भर्ती रैली शुरू होगी। रैली में सैनिक सामान्य पद, सैनिक क्लर्क / एसकेटी, सैनिक तकनीकी, सैनिक नर्सिंग असिस्टेंट तथा वेटरनरी पदों के लिए चूरू व झुंझुनूं जिले के युवाओं की भर्ती की जाएगी। सेना भर्ती कार्यालय सूत्रों के मुताबिक वेटरनरी पदों के लिए चूरू जिले की सरदारशहर, चूरू व राजगढ़ तहसीलों से युवाओं की भर्ती नहीं की जाएगी। इन तीनों तहसीलों के युवक वेटरनरी को छोड़कर उक्त सभी पदों के लिए सेना भर्ती में शामिल हो सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि पहले दिन 12 फरवरी को चूरू जिले की तारानगर, सुजानगढ़ रतनगढ़ व बीदासर चार तहसीलों के युवाओं की दौड़ होगी। एक ही दिन दौड़ होने के कारण इन चारों तहसीलों के टोकन का रंग भी एक ही रखा गया है जो नारंगी होगा। इन तहसीलों के युवाओं को सैनिक सामान्य पद, सैनिक क्लर्क / एसकेटी, सैनिक तकनीकी, सैनिक नर्सिंग असिस्टेंट तथा वेटरनरी पदों के लिए भर्ती किया जाएगा। दूसरे दिन 13 फरवरी को चूरू, सरदारशहर तथा राजगढ़ तहसीलों के युवकों की दौड़ होगी। एक ही दिन दौड़ होने के कारण इन तीनों तहसीलों में वितरित किए जाने वाले टोकनों को रंग भी एक जैसा ही यानि आसमानी नीला होगा। लेकिन इन तहसीलों के युवकों को केवल सैनिक सामान्य पद, सैनिक क्लर्क / एसकेटी, सैनिक तकनीकी व सैनिक नर्सिंग असिस्टेंट पदों के लिए ही भर्ती किया जाएगा।