हादसों में बाइक सवार दो की मौत
नवलगढ़ . गोदारा की ढाणी के पास गुरुवार दोपहर इनोवा कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। हादसे में एक अन्य घायल हो गया। सूत्रों के अनुसार में वार्ड 29 का शाहरुख ((18)) पुत्र गफूर कायमखानी बलारा के फारुक के साथ बाइक पर मुकुंदगढ़ जा रहा था।गोदारा की ढाणी के पास सामने आई इनोवा से बाइक टकरा गई। हादसे में शाहरुख की मौके पर ही मौत हो गई। फारुक को गंभीर हालत में सीकर रैफर कर दिया गया। शाहरुख के चाचा सिकंदर ने गाड़ी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
बुहाना . कुहाड़वास के पास गुरुवार को बाइक स्लिप होने पर सवार की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार भूरीवास के जलेसिंह ने रिपोर्ट दी कि उसका भाई सूबेसिंह ((36)) पुत्र बनवारी गांव के मनोज व एक अन्य के साथ बाइक पर झारोड़ा जा रहे थे। मनोज ने तेज गति व लापरवाही से बाइक चलाई, जिससे वह स्लिप हो गई। हादसे में सूबेसिंह की गंभीर चोट आने पर मौत हो गई।