रतनगढ़-बीकानेर लोकल ट्रेन तीन से
भास्कर न्यूज - रतनगढ़
क्षेत्र के लोगों के लिए अच्छी खबर है। जल्दी ही एक और ट्रेन चलने वाली है। रेल बजट २०१३-१४ में घोषित बीकानेर-रतनगढ़-बीकानेर सवारी गाड़ी को तीन फररवी से प्रतिदिन शुरू किया जाएगा। उत्तर-पश्चिमी रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी तरुण जैन के अनुसार गाड़ी संख्या ५४७०५ बीकानेर सवारी गाड़ी बीकानेर से तीन फरवरी की सुबह ५.१० बजे रवाना होकर आठ बजे रतनगढ़ पहुंचेगी। गाड़ी संख्या ५४७०६ रतनगढ़-बीकानेर सवारी गाड़ी उसी दिन शाम ७.१० बजे रवाना होकर रात १०.०५ बजे बीकानेर पहुंचेगी। उक्त गाड़ी पायली हाल्ट, राजलदेसर, परसनेऊ, शीतलनगर हाल्ट, बिग्गा बास रामसरा हाल्ट, बिग्गा, श्रीडूंगरगढ़, बेनीसर, सूडसर, बेलासर हाल्ट, नापासर, गाढ़वाला स्टेशन पर रूकती हुई बीकानेर पहुंचेगी। इस गाड़ी में १० साधारण द्वितीय श्रेणी व दो गार्ड डिब्बों सहित कुल १२ बोगी होंगी।
उल्लेखनीय है कि क्षेत्र के लोग अर्से से गाड़ी चलाने की मांग कर रहे थे। इसके लिए लोकसभा, राज्यसभा के सांसदों के मार्फत रेल मंत्री तक ज्ञापन भी पहुंचाए गए। लोकल गाड़ी के शुरू होने से यात्रियों, खासकर छोटे स्टेशनों के यात्रियों को सस्ते सफर की सुविधा मिल सकेगी।
बीकानेर से सुबह 5.10, रतनगढ़ से शाम 7.10 बजे चलेगी
रेल बजट में हुई थी घोषणा, शेड्यूल आया