नपा की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा
भास्कर न्यूज - रूपवास
उपखण्ड मुख्यालय पर नगरपालिका बनाने की मांग को लेकर बुधवार को नगरपालिका बनाओ संघर्ष समिति के पदाधिकारियों व नवीन शिक्षण संस्थान के विद्यार्थियों ने गांधी पार्क से लेकर एसडीएम कार्यालय तक रिले दौड़ लगाई। इसके बाद समिति के महासचिव प्रेमप्रकाश पाराशर के नेतृत्व में एसडीएम सुरेंद्रसिंह यादव को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।
समिति के अध्यक्ष गिर्राज प्रसाद शर्मा ने बताया कि कस्बे की जनसंख्या एवं भौगोलिक स्थिति को देखते हुए यहां पर सन 2000 में ही नगरपालिका बन जानी चाहिए थी। लेकिन प्रशासनिक उदासीनता एवं राजनैतिक लोगों द्वारा कस्बे के विकास में चार चांद लगे। इस बात को भूलकर अपने स्वार्थ के हितों को साधने में लगे रहे। जबकि कस्बे में उपखंड मुख्यालय होने के साथ-साथ एसडीएम, तहसीलदार, विकास अधिकारी, न्यायिक अधिकारी, कोतवाल, बीसीएमओ, सीडीपीओ एवं जलदाय, विद्युत, सिंचाई, नरेगा के सहायक अभियंताओं सहित रेलवे स्टेशन, सीएचसी अस्पताल, बीएड, एमए तक का कॉलेज, 132 केवी जीएसएस, गैस एजेन्सी, राष्ट्रीयकृत बैंकें, डाकघर सहित अन्य जरूरी मूलभूत सुविधाएं स्थापित हैं। लेकिन फिर भी हम विकास के नाम पर ग्राम पंचायत का दंश झेल रहे हैं एवं नपा के लिए संघर्ष कर रहे हैं।