विकास के लिए एक मंच पर उठानी होगी आवाज
भास्कर न्यूज - रुदावल
बयाना विकास मंच की ओर से बयाना को जिला बनाने की मांग को लेकर गुरुवार को कस्बे में हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ संयोजक अश्विनी कुमार मोनू के मुख्य आतिथ्य एवं गुर्जर आंदोलन के प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीराम बैंसला की अध्यक्षता में हुआ।
इस अवसर पर लोगों ने बयाना को जिला बनाने की मांग का समर्थन देकर बैनर पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि मोनू ने कहा कि वर्षों से उपेक्षित बयाना क्षेत्र के विकास के लिए समय रहते युवाओं को आगे आना होगा। इसके लिए हम सभी को एकत्रित होकर एक मंच पर विकास के लिए आवाज उठानी होगी। मंच के कार्यकर्ताओं द्वारा गांव-गांव, ढाणी-ढाणी जाकर हस्ताक्षर अभियान शुरू कर जिला बनाने की मांग की जा रही है। रूपवास, रुदावल, उच्चैन, वैर, भुसावर, ब्रह्मवाद क्षेत्रों में भी जनजागरण के तहत कार्यक्रम आयोजित कर बयाना को जिला बनाने की मांग की जा रही है। बयाना विकास मंच के वरिष्ठ नेता चन्द्र प्रकाश व्यास ने बताया कि इस मांग को लेकर सभी कस्बों में हस्ताक्षर अभियान चलाकर हस्ताक्षर बैनरों को एकत्रित किया जा रहा है। मंच के कार्यकर्ता इन हस्ताक्षर अभियान के बैनरों को 7 फरवरी को मुख्यमंत्री के भरतपुर आगमन पर भेंट करेंगे। गुर्जर नेता श्रीराम बैंसला ने कहा कि आज उपेक्षा का दंश झेल रहे क्षेत्र को सक्रिय नेतृत्व प्रदान करने की जरूरत है।
उन्होंने बिना किसी भेदभाव के बयाना जिला बनाओ अभियान में सक्रिय भागीदारी देने की अपील की। इस अवसर पर रुदावल क्षेत्र में मंच के कार्यकर्ताओं ने बैनर पर हस्ताक्षर करवाए। इस मौके पर भगवानसिंह टाइगर, अतर सिंह, योगेश, पूरनलाल, विशम्बर दयाल, मानसिंह, रामगोपाल, विष्णु, मोहनलाल, बृजेश गुप्ता, नानक, सरपंच विमलादेवी, राकेश सिंघल, टीकम, देवेन्द्र कुमार, नरेन्द्र बैंसला आदि मौजूद थे। संचालन रमेशचंद बंसल ने किया।