पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • दुर्घटनाओं में 4 जनों की मौत

दुर्घटनाओं में 4 जनों की मौत

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - भरतपुर/भुसावर/कामां/नदबई
जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुई विभिन्न दुर्घटनाओं में 4 जनों की मौत हो गई।
गुरुवार दोपहर को ए ब्लाक जवाहर नगर निवासी 17 वर्षीय रजत चौधरी पुत्र महेंद्र सिंह अपने मित्र बीनारायण गेट निवासी जसवीन के साथ स्कूटी से लोहागढ़ स्टेडियम में बॉस्केटबॉल खेलने जा रहा था। हीरादास स्थित गड्डरमल धर्मशाला के पास पीछे से आई एक मिनी बस ने टक्कर मार दी, जिससे रजत चौधरी की मौत हो गई, जबकि जसवीन को मामूली चोट आई हैं। रजत चौधरी सेंटपीटर्स स्कूल में कक्षा 11वीं का छात्र था, जिसके निधन पर विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर रॉबर्ट वर्गीस ने दु:ख व्यक्त करते हुए कहा है कि 31 जनवरी को छात्र के निधन पर विद्यालय में अवकाश रखा गया है तथा इस दिन सुबह साढ़े नौ बजे शोक सभा होगी, जिसमें स्टाफ व कक्षा 11 व 12वीं के विद्यार्थी उपस्थित रहेंगे। अटलबंध थानाधिकारी सत्येंद्र सिंह नेगी ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया है तथा परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मिनी बस को जब्त कर लिया है, जबकि आरोपी मौके से भाग गया।
भुसावर थाना पुलिस के अनुसार रामनगर गांव निवासी हरी सिंह पुत्र मुकन्दी ने इस आशय का मामला दर्ज करवाया है कि उसके पिता बुधवार को हिण्डौन कृषि उपज मंडी से बाजरा बेच कर ट्रैक्टर ट्राली से लौट रहे थे। ट्रैक्टर को रामनगर का लखन लाल चला रहा था। बुधवार की रात करीब 8 बजे नगला सुकु के पास चालक ने तेजगति से चलाते हुए स्पीड ब्रेकर पर ब्रेक लगा दिए, जिससे 75 वर्षीय मुकन्दी पुत्र मूला ट्रैक्टर से गिर गए व उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव का गुरुवार को पोस्टमार्टम करा परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
इसी प्रकार कामां थानांतर्गत गांव खेड़ावास के विद्यालय की अध्यापिका बीना कोली पुत्री सोनीराम कोली निवासी बड़ा मोहल्ला कामां अपनी बाइक द्वारा गुरुवार शाम करीब 4 बजे पोषाहार की मासिक रिपोर्ट लेकर ब्लॉक प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय कामां आ रही थी। तभी कामां-कोसी मार्ग पर टायरा मोड के निकट अज्ञात ट्रक ने उसे टक्कर मारकर कुचल दिया। जिससे उसकी घटना स्थल पर मौत हो गई।
शव का कामां अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। उल्लेखनीय है कि मृतका बीना कोली के सिर से मां बाप का साया पूर्व में ही उठ चुका था। पिता की मृत्यु 20 वर्ष पूर्व हो चुकी है तथा मां की 6 माह पूर्व निधन हो चुका है, जो नगर पालिका की पार्षद रही थी। मां बाप का साया उठने के बाद मृतका ने अपनी पारिवारिक जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए अपनी बड़ी बहन देवकी व छोटी बहन कोयली की खातिर अपनी शादी न करने का फैसला किया था और राजकीय सेवा में चयनित होने के बाद अपने परिवार का पालन पोषण कर रही थी।
इसके अलावा नदबई थानांतर्गत भरतपुर-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित गांव हंतरा के बस स्टैंड पर गुरुवार सुबह अज्ञात वाहन की टक्कर से हंतरा निवासी 60 वर्षीय रामभरोसी पुत्र पून्ना जाट की मौत हो गई। पुलिस ने नदबई स्वास्थ्य केन्द्र पर शव का पोस्टमार्टम कराया।



कामां. दुर्घटना के बाद घटनास्थल का निरीक्षण करते पुलिस कर्मी।