- Hindi News
- हरदासवाली में कस्सी से गला काटकर पत्नी की हत्या
हरदासवाली में कस्सी से गला काटकर पत्नी की हत्या
रावतसर. गांव हरदासवाली पूर्वी में रविवार सुबह एक व्यक्ति ने कस्सी से गला काटकर पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार मृतका सुशीलादेवी((30)) पत्नी विजयपाल घर में सो रही थी। उसकी दो बेटियां भी मां के साथ सो रही थी। आरोपी पति ने कमरे में पड़ी कस्सी उठाई और गहरी नींद में सो रही पत्नी के गले पर वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी विजयपाल पुत्र हेतराम जाट मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसे रविवार शाम को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है। पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों का पता पूछताछ के बाद ही चल पाएगा। हमले में मृतका के पास सो रही चार वर्षीय बेटी के भी चोट लगी है, जिसे रावतसर के सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे ननिहाल पक्ष को सांैप दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही रावतसर थाना प्रभारी अनिल मीणा मय स्टाफ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर रावतसर के सरकारी अस्पताल में रखवाया, जहां बाद में पोस्टमार्टम करवाकर शव पीहर पक्ष को सांैप दिया। मृतका के मामा दलीप ने पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज करवाया है।