- Hindi News
- संगरिया में ओवरब्रिज पर एक स्टील गार्डर रखने का काम पूरा
संगरिया में ओवरब्रिज पर एक स्टील गार्डर रखने का काम पूरा
भास्कर न्यूज - संगरिया
शहर के 51-सी रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज के चल रहे अंतिम चरण निर्माण कार्य में बुधवार को 37 मीटर के शेष भाग को जोडऩे के लिए 150 टन की पांच स्टील गार्डरों में से एक स्टील गार्डर रखने का कार्य पूरा किया गया। इस कार्य को देखने के लिए लोगों की काफी भीड़ रही। रिडकोर अधिकारी ओमवीर सिंह ने बताया कि रेलवे ने दो दिन के लिए दो ब्लॉक दिए हैं। पहले ब्लॉक में बुधवार को बाड़मेर-कालका साढ़े तीन घंटे देरी से पहुंचने के कारण सुबह साढ़े छह बजे से 11 बजे तक का ब्लॉक तथा दूसरा सुबह नौ बजे से एक बजे तक दिया गया। उन्होंने बताया कि बुधवार को एक स्टील गार्डर को 200 टन क्षमता की दो क्रेनों, 10 विशेष इंजीनियर, 40 रिडकोर कर्मियों की सहायता से ओवरब्रिज के शेष रहे बीच के भाग में सुरक्षित रख दिया गया। दूसरा स्टील गार्डर अन्य गार्डरों में फंसा होने के कारण उसे नहीं रखा जा सका। उन्होंने बताया कि अन्य चार स्टील गार्डरों को रखने के लिए दूसरे ब्लॉक में गुरुवार को सुबह छह से ग्यारह बजे तक रेलवे ने अनुमानित समय दिया है। रेलवे फाटक -51 सी को सुबह छह बजे से 11 बजे तक बंद कर दिया जाएगा। कार्य के दौरान तहसीलदार विक्रम सिंह राठौड़, डीएसपी धर्मराम, थाना प्रभारी राहुल यादव, रिडकोर प्रोजेक्ट मैनेजर पंकज मोडगिल बीकानेर, रेलवे डिप्टी चीफ इंजीनियर एसआर सांगवा, एक्सईएन जयपुर जीएल पंडार, एक्सईएन बलजीत सिंह, सीनियर सैक्शन इंजीनियर केवी यादव, जेईएन रेलवे हनुमानगढ़ वीरेंद्र प्रसाद व पुलिस जाब्ता मौजूद रहा। कार्य के दौरान रेलवे फ ाटक -51 सी को बंद रखा गया। इस दौरान यातायात व सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पुलिस थाना प्रभारी राहुल यादव ने छह ट्रैफिक पुलिस कर्मी, दो एसआई, दस कांस्टेबलों को तैनात किया गया। इसे रेलवे ब्लॉक पूरा होने के बाद दोपहर एक बजे खोल दिया गया। कार्य को पूरा करने के लिए रिडकोर अधिकारियों और स्टाफ ने सुबह पूजा अर्चना कर कार्य को शुरू किया।
ये रेलगाडिय़ां हुई प्रभावित
ओवर ब्रिज के निर्माण कार्य में शेष भाग को जोडऩे के दौरान दो पैसेंजर ट्रेनें बुधवार को प्रभावित हुई। रेलवे स्टेशन अधीक्षक मनोहर लाल मीणा ने बताया कि सुबह अनूपगढ़-बठिंडा पैसेंजर रेलगाड़ी तीन घंटे व बठिंडा-लालगढ़ पैसेंजर रेलगाड़ी करीब ढाई घंटे प्रभावित हुई।
संगरिया. ओवरब्रिज के निर्माण कार्य के कारण बुधवार सुबह सवा ग्यारह बजे ग्रामोत्थान विद्यापीठ उच्च माध्यमिक स्कूल के पास यूरिया के कट्टों से भरी ट्राली पलट गई। इससे कस्बे से बाहर निकलने व जाने का मात्र एक रास्ता बाधित हो गया। इससे जंभेश्वर मंदिर के पास डबवाली-संगरिया मार्ग व रेलवे फ ाटक -50 सी पर वाहनों की कतार लग गई । वाहनों चालकों व आमजन को परेशानी हुई । थाना प्रभारी राहुल यादव जाब्ते सहित मौके पर पहुंचे। नगरपालिका से क्रेन मंगवाई गई तथा ट्राली को सही करवाकर मार्ग दुरुस्त कराया गया। करीब सवा घंटे के बाद आमजन ने राहत की सांस ली। वहीं दोनों ओर से रास्ता बंद होने पर बस यात्रियों, स्कूली बच्चों को काफी परेशानी हुई। उनको रेलवे स्टेशन के ऊपर से गुजरना पड़ा।