जमीन विवाद को लेकर दो गुटों में फायरिंग
नगर संवाददाता - हनुमानगढ़
जंक्शन के संगरिया मार्ग पर जमीन विवाद को लेकर बुधवार देर रात दो गुटों में फायरिंग हो गई। हालांकि इसमें कोई घायल नहीं हुआ। इस संबंध में जंक्शन पुलिस ने शांतिभंग करने के आरोप में गुरप्रीतसिंह, गुरदीपसिंह, गौतम आहुजा व जरनैल सिंह को गिरफ्तार किया है। वहीं दूसरी तरफ अनिल आहुजा पत्नी मनोहरलाल आहुजा ने एसपी को ज्ञापन देकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है। ज्ञापन के अनुसार उसकी जमीन संगरिया रोड पर है। जिस पर उसका परिवार कई वर्षों से निवास कर रहा है। खाली जमीन में उसने पौधों की नर्सरी बना रखी है। बुधवार रात करीब एक बजे 40-50 व्यक्ति लाठियों व हथियारों से लैस होकर आए और नर्सरी की दीवारें तोड़ दी। आरोप है कि आरोपी अपने साथ जेसीबी मशीन लेकर आए थे। आरोपियों ने हवाई फायर भी
किए। सूचना मिलते ही जंक्शन पुलिस के एसआई काशीराम मय जाब्ता के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। जंक्शन सीआई भंवरलाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शांतिभंग करने के आरोप में चार जनों को गिरफ्तार किया गया था। बाद में पाबंद कराकर उन्हें जमानत पर छोड़़ दिया गया। फायरिंग की बात अभी तक सामने नहीं आई है। इस संबंध में पूछताछ चल रही है।