- Hindi News
- असामाजिक तत्वों पर परेशान करने का लगाया आरोप
असामाजिक तत्वों पर परेशान करने का लगाया आरोप
करौली - आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने शहर में कुछ असामाजिक तत्वों पर झूठी शिकायतें कर परेशान करने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर से शिकायत कर जांच की मांग की है। अखिल राजस्थान महिला एवं बाल विकास संयुक्त कर्मचारी संघ ((एकीकृत)) की प्रदेश मंत्री हेमलता शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को ज्ञापन में बताया है कि केंद्रों पर पूरी निष्ठा व ईमानदारी के साथ कार्य करने के बावजूद कई असमाजिक तत्व उन्हें परेशान करने की मंशा लेकर प्रशासन को झूठी शिकायत करते हैं। कार्यकर्ताओं ने जांच कर सुरक्षा मुहैया कराने एवं झूठी शिकायत करने वाले असमाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। शीघ्र कार्यवाही नहीं होने पर कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करने की प्रशासन को चेतावनी भी दी है। उन्होंने बताया कि केंद्रों पर विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने के अलावा समय-समय पर प्रशासन के अतिरिक्त कार्य राशन कार्ड वितरण, चुनाव संबंधी मतदाता सूची तैयार करने के कामकाज किए जाते हैं। इन कार्यों का अभी तक सरकार की ओर से देय भुगतान राशि भी नहीं मिली है। इस मौके पर गीता जोशी, रजोल, शीतल, हेमलता, सईदा, ममता जाटव, प्रीति व लक्ष्मी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहीं।