पुलिस अधीक्षक ने किया दौरा
करौली - भास्कर में शुक्रवार को करौली-हिंडौन संस्करण में सुविधाओं को तरसे जनता के रक्षक शीर्षक से प्रकाशित खबर के बाद पुलिस विभाग हरकत में आया और शुक्रवार दोपहर को पुलिस अधीक्षक योगेश यादव वर्षों से नाकारा बनी नवीन पुलिस लाइन को देखने के लिए पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस लाइन को जल्द ही नवीन भवन में शिफ्ट करने के संकेत दिए।
पुलिस अधीक्षक योगेश यादव ने नवीन पुलिस लाइन पहुंचकर नवीन भवनों व क्वार्टर्स का निरीक्षण किया, साथ ही शेष रहे काम को शीघ्र पूरा कराने व सार्वजनिक निर्माण द्वारा कराए गए निर्माण कार्य में हुई छोटी-छोटी खामियों के साथ ही परेड ग्राउंड, खेल मैदान, स्टेडियम, चारदीवारी सहित अन्य कार्य शीघ्र करवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने कार्य शीघ्र पूरे करें और लाइन को जल्दी से सुपुर्द करने का प्रयास करें ताकि पुलिस के जवानों को सुविधा मिल सके। इसी के साथ उन्होंने पीडब्ल्यूडी एईएन रामलाल कोली, आरएसबीसीएल एईएन सुनील शुक्ला, बिजली विभाग के एईएन आर डी मीणा, एसई पीडब्ल्यूडी बिजली कोटा के पी.के. जैन व भरतपुर एक्सईएन थानसिंह से भी बिजली कार्य शुरू कराने की बात कही।
इससे पूर्व निर्माण संबंधित काम खत्म करने के एईएन पीडब्ल्यूडी को आदेश दिए। इसी के साथ यादव ने शीघ्र ही संबंधित सभी विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर भवन को शुरू करवाने की बात कही। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेश मीणा, पुलिस उपाधीक्षक करौली राजेन्द्र त्यागी, आरआई पुलिस लाईन धीरसिंह, एसआई रामअवतार आदि उपस्थित थे।