दो गिरोहों के नौ डकैत गिरफ्तार
कार्यालय संवाददाता - करौली
जिले की पुलिस ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर दो गिरोहों के ९ कुख्यात डकैतों को मय हथियारों के गिरफ्तार किया है। डांग में आतंक का पर्याय बनीं दस्यु गिरोह के पांच हजार रुपए के इनामी कुख्यात डकैत रामकुमार मीना तथा डकैत हरिया व धतूरिया गैंग के साथियों को दो अलग-अलग टीमों ने रविवार को डकैती की योजना बनाते हुए घेराबंदी कर दबोच लिया। दोनों गिरोहों से पांच हथियारों के साथ 136 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। इन डकैतों से पुलिस कड़ाई से गहन पूछताछ कर रही है।
पुलिस अधीक्षक योगेश यादव के निर्देशन में करौली वृत्ताधिकारी राजेंद्र त्यागी, लांगरा थानाप्रभारी रामेश्वर मीना, सदर करौली के रतन सिंह व उप निरीक्षक किशोर सिंह की टीम ने रविवार को डांग क्षेत्र के हाथी कच्छा के जंगल से डकैती की योजना बनाते कुख्यात इनामी डकैत रामकुमार मीना को हथियारों से लैस चार साथियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। वहीं कुडग़ांव थानाप्रभारी भोजाराम चौधरी की टीम ने भी रविवार को दलापुरा के जंगल से डकैती की योजना बनाते कुख्यात डकैत हरिया व धतूरिया की गैंग को मय हथियारों के पकडऩे में सफलता हासिल की है। यादव ने यह बात मंगलवार को एसपी कार्यालय में प्रेसवार्ता में कही।
गौरतलब है कि गत दिनों जयपुर में पुलिस अधीक्षकों के हुए सम्मेलन में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के डांग क्षेत्र को डकैतों से मुक्त कराने व आमजन को भयमुक्त वातावरण मुहैया कराने के निर्देशों की पालना में पुलिस अधीक्षक योगेश यादव ने डांग क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेश मीना के नेतृत्व में प्रभावी एडीएफ गश्त, पैट्रोलिंग व कांबिंग के साथ आपराधिक जानकारी संकलित की गई। इसी के तहत पुलिस को डांग क्षेत्र से दो कुख्यात दस्यु गिरोह को गिरफ्तार करने में कामयाबी मिली है।
पुलिस को देखकर भागे, घेरा डालकर पकड़ा
एसपी योगेश यादव ने बताया कि गिरोह का मुखिया कुख्यात डकैत रामकुमार मीना पांच हजार रुपए का इनामी बदमाश है। पुलिस ने इसकी गैंग के सक्रिय चार सदस्यों ((संजय, कल्याण, राजू उर्फ भोलू व मनीष)) से एक पचफेरा 315 बोर, एक 12 बोर राइफल व एक 315 बोर का देशी कट्टा तथा 86 जिंदा कारतूस व 11 खाली खोखा के साथ गिरफ्तार किया है। डकैत रामकुमार मीना के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में संगीन अपराधों के 15 मुकदमे दर्ज हैं।
उन्होंने बताया कि गणतंत्र दिवस रविवार को मुखबिर से सूचना मिली कि हाथी कच्छा डांग क्षेत्र के जंगल में मय हथियारों से लैस कुछ बदमाश डकैती की साजिश बना रहे हैं। इस पर करौली वृत्ताधिकारी राजेंद्र त्यागी के नेतृत्व में लांगरा थानाप्रभारी रामेश्वर मीना, करौली सदर के रतनसिंह व एसपी ऑफिस में पदस्थापित सीए किशोर सिंह ((उ.नि.)) की टीम गठित की गई। टीम ने कांस्टेबल भूरी, शैलेंद्र,देवकीनंदन व जलसिंह आदि जाप्ता के साथ हाथी कच्छा डांग क्षेत्र के जंगल में घेरा देकर दबिश दी। पुलिस को देखकर यह डकैत गिरोह भागने लगा मगर जाप्ता ने घेरा डालकर दस्यु गिरोह को दबोच लिया।
पुलिस टीम ने डकैत रामकुमार मीना पुत्र मांगीलाल निवासी चंदेलीपुरा थाना मंडरायल को 315 बोर के एक पचफेरा लोडेड मय 60 जिंदा कारतूस व 11 खाली खोखा तथा एक बोलेरो गाड़ी के पकड़ा है। कल्याण पुत्र लक्ष्मीनारायण शर्मा निवासी देवरी पिपरानी हाल करौली को मय एक 12 बोर बंदूक लोडेड मय कट्टा 21 जिंदा कारतूस, राजू उर्फ भोलू हाल करौली को एक देशी कट्टों 5 जिंदा कारतूस, मनीष व संजय पुत्र लक्ष्मीनारायण निवासी देवरी पिपरानी हाल करौली को गिरफ्तार कर थाना लांगरा में धारा 399, 402, ता.हि. 3/25, 3/27 आम्र्स एक्ट व 11 आरडीए एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है।
8 मुकदमों में वांछित और 2 में मफरूर
दस्यु रामकुमार मीना के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में हत्या का प्रयास, लूट, चोरी, मारपीट, अपहरण, डकैती, डकैती की योजना बनाने, बलात्कार व अवैध हथियार रखने के संगीन मामले दर्ज हैं। जिला पुलिस अधीक्षक की ओर से दस्यु रामकुमार की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित है। डकैत रामकुमार मीना वर्ष 2002 से 8 मुकदमों में वांछित चल रहा है तथा दो प्रकरणों में मफरूर है। मंडरायल थाना में दर्ज मारपीट व वन विभाग के रेंजर की ओर से मारपीट व राजकार्य में बाधा के दर्ज प्रकरणों में दस्यु मफरूर चल रहा है। जबकि देवरी पिपरानी निवासी हाल करौली के कल्याण पुत्र लक्ष्मीनारायण शर्मा पहले भी डकैतों को शरण देने के आरोप में मासलपुर पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया था।
डकैत रामकुमार मीना तथा हरिया-धतूरिया गिरोह के बदमाशों से पांच हथियारों के साथ 136 कारतूस बरामद, 5 हजार के इनामी दस्यु रामकुमार के विरुद्ध कई थानों में 15 संगीन मामले हैं दर्ज