करौली-हिंडौन मार्ग तीन घंटे जाम
भास्कर न्यूज - करौली ग्रामीण
करौली-हिंडौन मार्ग पर रैम्जा के पास सैकड़ों की संख्या में आक्रोशित ग्रामीणों ने पत्थर डालकर मार्ग जाम कर दिया। तीन घंटे बाद एसडीएम डी.सी.मीणा की समझाइश के बाद खोला गया। इधर, सदर थाना पुलिस ने लगभग 40 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दो दिनों से क्षेत्र में बिजली नहीं आने की समस्या की शिकायत ग्रामीणों ने कई बार बिजली निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों से की लेकिन तीन दिन में भी बिजली नहीं आने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। इससे करौली-हिंडौन मार्ग जाम रहा। सूचना लगने पर तहसीलदार मातादीन मीणा व सदर थानाधिकारी रतनसिंह मय जाप्ता मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से समझाईश की लेकिन ग्रामीणों ने जाम नहीं खोला। इस पर पुलिस उपाधीक्षक राजेंद्र त्यागी व उपखंड अधिकारी दुल्ली चंद मीणा, बिजली निगम के जेईएन विक्रम मीणा के साथ जाम स्थल पहुंचे और जाम खुलवाने की समझाइश की। काफी समझाइश व बिजली के चालू होने के बाद ग्रामीणों ने जाम खोला। इस दौरान लगभग तीन घंटे से अधिक समय तक करौली-हिंडौन मार्ग जमा रखा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सदर थाना पुलिस ने रोड कला के हौतम सिंह, बनैसिंह, बच्चन सिंह, सिया पटेल, बाबूल गुर्जर तथा रमेश गुर्जर सहित अन्य 30 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।