- Hindi News
- विधानसभा में उठा दस्युओं के खिलाफ कार्रवाई का मामला
विधानसभा में उठा दस्युओं के खिलाफ कार्रवाई का मामला
करौली - विधायक रमेश मीणा ने विधानसभा में करौली-धौलपुर डांग क्षेत्र के दस्यु की समस्याओं का मामला उठाया तथा डांग क्षेत्र के लिए विशेष पैकेज दिए जाने की मांग की। मीणा ने कहा कि डांग क्षेत्र में दस्यु अपहरण, चौथवसूली, डकैती आदि की घटनाओं को अंजाम देते हैं जिससे डांग क्षेत्र के ग्रामीणों को दहशत में अपना जीवन यापन करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि दस्यु किसानों के खेतों से ट्यूबवेल व अन्य सिंचाई के साधन ले जाते हैं तथा इनकी पुलिस व प्रशासन से भी सांठ-गांठ होती है। मीणा ने कहा कि जेल में बंद दस्यु व कुख्यात अपराधी जेल में भी विचाराधीन कैदियों पर भी अत्याचार करते हैं और जेल में भी इनका गिरोह बना हुआ है। इनके खिलाफ जेल प्रशासन भी कार्रवाई नहीं करता है। उन्होंने कहा कि दस्यु के खिलाफ अगर कोई कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र में नक्सलाइट जैसी समस्या हो सकती है। उन्होंने जिले में टास्क फोर्स का गठन कर पीडि़तों के लिए विशेष पैकेज बनाने की मांग की।