- Hindi News
- उपभोक्ता मंच में टोल प्लाजा के खिलाफ वाद दायर
उपभोक्ता मंच में टोल प्लाजा के खिलाफ वाद दायर
टोंक - सड़क निर्माण पूरा नहीं होने पर भी टोल वसूली करने पर आईआरबी जयपुर-देवली टोल प्लाजा शिवदासपुरा, सोनवा टोल प्लाजा, नेशनल हाइवे ऑथोरिटी प्रबंधक एनएच 12, कलेक्टर, आईआरबी मुंबई के खिलाफ उपभोक्ता मंच में वाद दायर किया गया है। उपभोक्ता मंच में आहूजा कालोनी निवासी अशोक कुमार सहजवानी व सुभाष बाजार निवासी बालकिशन बंसल की ओर से एडवोकेट प्रकाश जैन ने टोल प्लाजा के खिलाफ वाद दायर कर बताया कि भारत में इन्फ्रास्ट्रक्चर के डवलपमेंट के लिए पिछले कुछ वर्षों से निजी कंपनियां राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के नियंत्रण में रहते हुए विभिन्न नए सड़क मार्गों को बनाने का ठेका सरकार के माध्यम से लेती हैं। इन सड़क मार्ग को बनाने में हुए खर्चे की भरपाई के लिए नवनिर्मित सड़क मार्ग से गुजरने वाले वाहनों से निर्धारित समय तक टोल वसूली करती है। जयपुर से लेकर देवली तक सड़क मार्ग का निर्माण आईआरबी की ओर से किया गया है। इन सड़क मार्ग के पूर्ण रूप से तैयार नहीं होने के बावजूद कंपनी सरकार को गुमराह करके लोगों से टोल वसूल रही है। शिवदासपुरा व सोनवा टोल प्लाजा पर टोल राशि वसूल की जा रही है। वाद में बताया गया कि अशोक कुमार ने 11 दिसंबर को टोंक से देवली की यात्रा की। सोनवा टोल प्लाजा ने 60 रुपए वसूल किए। जयपुर से देवली तक सड़क पूरी तरह तैयार किए बिना ही टोल राशि वसूल ली गई। जगह-जगह गड्ढे व सड़कें टूटी हुई हैं। मना करने पर टोल कर्मचारियों ने अभद्र व्यवहार किया। सड़कों में गड्ढों की वजह से कार क्षतिग्रस्त हो गई, सो अलग। इसमें 18 हजार रुपए का खर्चा आया। दोनों परिवादियों ने मंच में परिवाद पेश कर हर्जाना मांगा है।